फुटपाथ के कब्जेदारों पर नगर पालिका का शिकंजा
पटरी पर बालू, मोरंग, गिट्टी, सरिया रखने वाले सूचीबद्ध
एनजीटी के प्रावधानों के तहत पचास हजार रुपये जुर्माना लगेगा
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। अवैध रूप से पालिका के सड़क की पटरियों पर पालिका शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसके लिए ऐसे दुकानदारों को पहले चरण में नोटिस की तैयारी की जा रही है। इसके बाद द्वितीय चरण में इनके खिलाफ एनजीटी के प्रावधानों के मुताबिक पचास हजार रुपये जुर्माना पालिका ठोंकेगी ही साथ ही नगर पालिका अधिनियम 1916 तथा उच्च न्यायालय के आदेशों के क्रम में अन्य कार्रवाईयां भी होंगीं।
शहर के गांधी नगर, मालवीय मार्ग, पुरानी बस्ती में पटरियों पर किसी न किसी बहाने लोग कब्जा जमाए हुए हैं। ऐसे कब्जेदारों के चलते मार्ग अवरुद्ध हो रहा है। यही नहीं दिन भर शहर जाम की मार झेलता है। और तो और बालू, मोरंग, गिट्टी व सरिया के चलते दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती ही है। नाले भी चोक हो जाते हैं। इससे कई मोहल्ले में नाली ओवरफ्लो हो गया है। इन स्थितियों को पालिका ने संज्ञान लिया है। ऐसे पटरी दुकानदारों पर कार्रवाई की तैयारी के तहत पालिका नोटिस देने जा रहा है। करीब दो दर्जन पटरी पर अवैध कब्जेदारों की सूची भी तैयार है। इसमें सर्वाधिक संख्या मालवीय रोड की सड़क पटरियों पर बालू, मोरंग व गिट्टी के व्यवसायी हैं। इसके अलावा नालों पर कब्जा करने वाले भी इस सूची में शामिल हैं। पालिका इनके खिलाफ नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के तहत नोटिस देगी।
ईओ नगर पालिका डॉ. मणि भूषण त्रिपाठी ने बताया कि शहरी क्षेत्र के मालवीय रोड पर भवन निर्माण सामग्री के दुकानदारों व नालों पर कब्जा करने वालों की बहुतायत संख्या है। इसके अलावा गांधी नगर इलाके में भी पटरियों पर कब्जा जारी है। इससे यातायात व पानी निकास की समस्या से पालिका परेशान हो रही है। ऐसे लोग जो सड़क की पटरियों पर कब्जा किए हुए हैं उनके खिलाफ नोटिस जारी किया जा रहा है। इन्हें नोटिस के बाद पंद्रह दिन का समय दिया जाएगा। यदि वे नोटिस के बाद माने तो ठीक वरना इन पर पचास हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। यदि इस पर भी बात न बनी तो संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।