फोटो....
दृश्यता घटी तो बढ़ गए राह में खतरे
लखनऊ से लौटते समय डीएम ने महसूस की दिक्कत
सड़क के किनारे के थानों और चौकियों को निर्देश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। रात और सुबह के वक्त फोरलेन पर फर्राटा भरना अब खतरे से खाली नहीं रहा। सड़क पर धुंध और कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो चुुकी है। सोमवार को लखनऊ से लौट रहे डीएम डॉ. राजशेखर को इस विसंगति का सामना करना पड़ा। मुख्यालय लौटते ही डीएम ने सड़क के किनारे के थानों, पुलिस चौकियों को निगरानी बढ़ाने और कोई भी वाहन रोड पर खड़ा न होने देने के निर्देश जारी किए। इसके अलावा एनएचएआई को भी डीएम ने फोरलेन पर पेट्रोलिंग तेज करने का आदेश भी दिया है।
सर्दी के बढ़ते ही दुर्घटनाओं के मामलों में इजाफा हो गया है। सड़क पर चलने के दौरान मामूली सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है। यातायात माह में ट्रैफिक पुलिस ने सड़क हादसों से निपटने के उपाय भी सुझाए। लेकिन समुचित इंतजाम के अभाव में हादसे थम नहीं रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों का कहना है लापरवाही से तेज रफ्तार में वाहन चलाने की वजह से लोग ज्यादा हादसों के शिकार होते हैं। इसलिए जाड़े के दिनों में लिमिटेड रफ्तार में व्हिकल चलाना चाहिए।
गड्ढों से दिक्कत
कोहरे की वजह से सड़कों पर चलने में काफी दिक्कत गड्ढों से आ रही है। शहर के भीतर ज्यादातर सड़कें निर्माणाधीन हैं। इसलिए इन रास्तों पर रात के समय आवागमन करने पर मामूली लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। कई जगहों पर सड़क निर्माण चल रहा है। इस वजह से दोनों ओर मिट्टी की खुदाई की गई है। सड़कों के किनारे फैली निर्माण से संबंधित सामग्री अंधेरे में नजर नहीं आती। कोहरा गिरने पर इन रास्तों से गुजरना खतरनाक हो सकता है।
बरतें सावधानी
रात में राह चलते समय सावधानी बरतें, सामने और पीछे से आ रहे वाहनों से निश्चित दूरी बनाए रखें।
सड़क पार करते समय दोनों ओर को देखकर पार करें। हड़बड़ी में दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं।
सड़क पर ब्रेकर अचानक आने पर सावधानी बरतें। दुर्घटना बहुल क्षेत्रों में वाहन की लिमिटेड स्पीड रखें।
सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार करने पर पर्याप्त दूरी बनाए रखें। तेज रफ्तार वाहनों को रोकने की कोशिश न करें।
वाहनों पर लाइट रिफलेक्टर लगाएं। रात में वाहन चलाते समय अपर-डिपर का प्रयोग करें। अचानक ब्रेक लेने से बचें।
निर्माणाधीन सड़कों पर वाहन चलाते समय सचेत रहें। वाहन की रफ्तार पर नियंत्रण रखें। डायवर्जन का इस्तेमाल करें।
कोहरे में सड़क किनारे सफेद पट्टी देखकर चलें। इंडीकेटर ऑन रखते हुए हॉर्न का प्रयोग करते रहें। वाहन में फॉग लाइट लगवाएं।
फोर व्हीलर में सीट बेल्ट बांधें, बाइक चलाते समय हेलमेट पहनें। ज्यादा जरूरी न हो तो रात में वाहन चलाने से परहेज करें।