मृत बच्चे को कब्र से पिता ने निकाला, दफनाया
तांत्रिक के कहने पर शव का किया परीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नगर बाजार। पुत्र मोह में पिता क्या नहीं कर जाता। इसका उदाहरण रविवार को कुसमौर गांव में दिखा। यहां सप्ताह भर पहले सांप के डसने से मौत के बाद दफन किए गए आठ वर्षीय बेटे के शव को तांत्रिक के कहने पर कब्र से निकाला गया। फिर उसके जिंदा होने का परीक्षण कर वहीं दफन कर दिया।
नगर थाना क्षेत्र के कुसमौर निवासी गरीब चौहान के अनुसार 13 अगस्त की रात करीब नौ बजे आठ वर्षीय पुत्र भीम घर में टीवी देख रहा था। इसी बीच सांप ने उसे डस लिया। सांप का जहर उसके शरीर में जैसे-जैसे फैलने लगा, उसकी हालत बिगड़ने लगी। देर रात उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता के अनुसार बच्चे को 14 अगस्त को कुआनो तट पर दफन कर दिया गया। 18 अगस्त को कुछ चरवाहों ने बताया कि जहां शव दफन है वह जमीन हिल रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चा जीवित है। इसी बीच गांव के ही एक युवक ने यह सुझाया कि महुली में एक बाबा मृत बच्चे को जिंदा कर सकते हैं। गरीब चौहान के अनुसार वह बेटे के मोह में बाबा के पास गया, जहां सारी बात कह सुनाई। बाबा ने सुझाव दिया कि वह शव को निकाल कर उसका बाल खींचे यदि बाल उखड़ गया तो समझना कि वह मर चुका है। बाबा के सुझाव पर गरीब चौहान घर पहुंचा और फावड़ा लेकर कुआनो तट के उस स्थान पर चला गया जहां उसने अपने मृत पुत्र को दफन किया था। शव निकाल कर उसने तांत्रिक के बताए परीक्षण को किया, मगर शव के सिर से चमड़ी सहित बाल उखड़ गया। इसके तत्काल बाद गरीब चौहान शव को फिर से वहीं दफन कर घर लौट गया। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।