बस्ती। हर्रैया पुलिस ने समोढ़ा मिश्र में भैंस ले जाने, किशुनपुर में गोबर पाथने और नरायनपुर मिश्र में गन्ना छिलाई करते समय मारपीट के अलग-अलग मामले में 21 आरोपियों पर केस दर्ज किया है। समोढ़ा में हुई मारपीट में क्रास केस दर्ज किया गया है।
किशुनपुर निवासी अनमोल पुत्री राजेश ने तहरीर दी कि 20 मार्च को गोबर पाथने के विवाद में उसे मारापीटा और घर भी नहीं जाने दे रहे थे। पुलिस ने राम निहाल, खुश निहाल, विजय और रवीना पुत्री रामनिहाल पर केस दर्ज किया है। नरायनपुर मिश्र निवासी राजकुमार ने तहरीर दी कि 24 मार्च को गन्ना की छिलाई करते समय अजय, सुनीता देवी और कुलदीप ने मारापीटा।
उधर, समोढ़ा गांव के राम प्रसाद ने तहरीर दी कि 26 मार्च को शाम करी सात बजे भैंस ले जाने को लेकर विपक्षियों ने उसे तथा उसके पुत्र दुर्विजय यादव, बब्बू यादव व ऋषि यादव को एक राय होकर लाठी-डंडे व लोहे की राॅड से मारापीटा। बब्बू के सिर में गंभीर चोट आने से बेहोश हो गया। पुलिस ने रामाप्रताप, सुबोध, मनोज, राधेश्याम, लवकुश, विपिन, कृष्णा प्रताप को नामजद किया है।
इसी मामले में दूसरे पक्ष के रामा प्रताप ने तहरीर देकर कहा कि उसे व आदर्श यादव, राधेश्याम यादव व कृष्णाप्रताप यादव को एक राय होकर लाठी-डंडे से मारापीटा गया। पुलिस ने दुर्विजय यादव, बब्बू यादव, ऋषि यादव, दुर्गेश यादव, सर्वेश यादव, अवनीद्र यादव और आलोक यादव को नामजद किया है।