बिजली निगम ने जारी की टॉप 20 डिफाल्टरों की सूची
कार्यालय की दीवार पर चस्पा हुआ नाम
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। यदि आप बिजली निगम का बकाया है, तो शीघ्र ही अपने बिल का भुगतान कर दें, वर्ना निगम की ओर से आपकी सार्वजनिक बेइज्जती की जाएगी। जी हां, निगम अब ऐसे उपभोक्ताओं की कुंडली तैयार कर रहा है, जो विद्युत उपयोग के बाद निगम के लाखों रुपये दबाए बैठे हैं। ऐसे लोगों पर निगम की ओर से कार्रवाई तो की जाएगी, इसी के साथ ही अब उनके नाम की सूची भी सार्वजनिक कर दी जाएगी।
जिले में लगभग एक लाख 40 हजार उपभोक्ता बिजली निगम का करोड़ों रुपये बकाया हैं और निगम की ओर से ट्रेलर के तौर पर टॉप 20 डिफाल्टरों की सूची जारी कर दी गई हैं। जिसमें जिले के विक्रम सिंह तीन लाख 6535, राम कृष्णचंद दो लाख 93177, जयेश सिंह तीन लाख 69496, विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव तीन लाख 70875, शत्रुघ्न पाल दो लाख 88400, मुसीर अहमद दो लाख 80582, शशि मोहन दो लाख 77397, अलका दो लाख 73949, शिवनाथ सिंह दो लाख 65732, मोहम्मद अजीज दो लाख 55654, जगदीश सिंह दो लाख 51899, रंगीलाल दो लाख 14174, मिन्नत अली दो लाख 47878, छोटे दो लाख 39377, संजय सिंह दो लाख 51876, विजय लक्ष्मी दो लाख 13385, शंकर प्रसाद चार लाख 42465, शंकर प्रसाद चार लाख 37705, रितेश कुमार श्रीवास्तव दो लाख 19764 हजार रुपये निगम का बकाया है। इनके नाम की सूची निगम के कार्यालय की दीवार पर चस्पा कर दी गई है।
अधिकारी की सुनिए
विद्युत वितरण खंड प्रथम के एसडीओ मनोज यादव का कहना है कि यदि बकाएदार बिल का भुगतान नहीं करेंगे तो उनके नाम की सूची चस्पा कर दी जाएगी। इसी के साथ ही उनपर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
फोटो
सौभाग्य का लाभ पाने को परेशान हैं ग्रामीण
रामनगर के पुरवे में पोल पर नहीं लगे बिजली तार
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने एसडीएम से लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामनगर के एक पुरवे के तमाम उपभोक्ता पोल पर तार न लगने से सरकार के सौभाग्य योजना का लाभ पाने से वंचित हो रहे हैं। पीड़ित उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को एसडीएम राजेश सिंह को प्रार्थना पत्र देकर समस्या समाधान के लिए गुहार लगाई है।
पीड़ितों का कहना है कि उनके मोहल्ले में विद्युत विभाग ने पोल तो लगा दिए लेकिन अभी तक उस पर तार नहीं खींचा गया है। जिससे उपभोक्ताओं को कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। गांव के बाहर जो ट्रांसफॉर्मर और तार लगे हैं वहां से मोहल्ले की दूरी करीब तीन सौ मीटर है। जहां से गरीब किसान तार खींच कर कनेक्शन ले पाने में असमर्थ हैं। ऐसी दशा में मोहल्ले में लगे पोल पर फौरी तौर पर तार खिंचवाकर कनेक्शन दिलाया जाए। इस मौके पर मोहम्मद रजा, अमीर हसन, राम चन्दर, बन्नर गुप्ता, मुज्जफर, सुमिरता देवी, कृष्ण चन्द्र आदि मौजूद रहे।
सांसद ने किया विद्युत केन्द्र का लोकार्पण
323 करोड़ की लागत से शृंगीनारी में विद्युत उपकेंद्र स्थापित
क्षेत्र के एक सौ गांवों में इसी केंद्र से मिलेगी बिजली आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
परशुरामपुर। ब्लॉक क्षेत्र के श्रृंगीनारी में शनिवार को सांसद हरीश द्विवेदी ने नवनिर्मित 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र से बिजली की सप्लाई का संचालन बटन दबा कर लोकार्पण किया। इससे पहले विधि-विधान से केंद्र पर स्थापित शिलापट्ट का सांसद ने अनावरण किया।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी ने 323 करोड़ की लागत से शृंगीनारी में स्थापित इस विद्युत केन्द्र से अब क्षेत्र के करीब 100 गांवों लो वोल्टेज तथा बिना लोकल फाल्ट के बिजली सप्लाई मिलने की उम्मीद है। इससे पहले शृंगीनारी तथा आसपास के इन सभी गांव में बिजली आपूर्ति बभनान व मखौड़ा विद्युत उपकेंद्र से की जाती रही है। लंबी दूरी से विद्युत आपूर्ति के चलते आएदिनों लोकल फाल्ट तथा बिजली में बाधा की शिकायतें बनती रहती थीं।
इस दौरान सांसद ने कहा कि श्रीराम सर्किट से जुड़े शृंगीनारी का विकास प्राथमिकता में है। ऐसे में विद्युत उपकेंद्र शृंगीनारी के विकास में चार चांद लगाएगा। सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ में कसीदे गढ़े। कहा कि विश्व में भारत की मजबूत पकड़ को और मजबूत बनाने के लिए लोकसभा चुनाव क्षेत्र, जाति व देश नहीं वरन विश्व में भारत के शौर्य पराक्रम व विकास को और गति देने का है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष घनश्याम शुक्ल, इंद्र बहादुर सिंह, रामचंद्र मिश्र, कमर आलम, राकेश वर्मा, रामफेर यादव, राजू पांडेय, अखिलेश पांडेय, बाबा राजमन गुप्त सहित तमाम मौजूद रहे।
चरकैला में बिजली कनेक्शन को ग्रामीणों का प्रदर्शन
चार माह पहले मीटर तो दो माह पहले लगा तार, खंभा
रसीद हाथ में लेकर चौराहे पर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
गायघाट। सौभाग्य योजना के तहत विद्युत उपकेन्द्र शंकरपुर के चरकैला गांव में विद्युत कनेक्शन न मिलने के कारण ग्रामीणों ने चौराहे पर प्रदर्शन किया। निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि चार माह पहले मीटर लगा दिया तो दो माह पूर्व तार व खंभा स्थापित किया गया, मगर आज तक इससे कनेक्शन नहीं जुड़ सका है, जबकि सौभाग्य योजना में कनेक्शन का आवेदन दिया और इससे जोड़ देने की रसीद भी निगम ने उपलब्ध करा दी है।
शनिवार को चरकैला निवासी जगदीश की अगुवाई में उपभोक्ता जंग बहादुर, अर्जुन, शिव मूरत, पराग, रामजीत, कृष्ण कुमार, ममता, शीला, सीता, बिहारी, शेर अली सहित दर्जनों लोग चौराहे पर एकत्रित हुए। इसके बाद हाथ में बिजली कनेक्शन की रसीद लेकर प्रदर्शन करने लगे। इनका आरोप है कि रसूखदारों के कनेक्शन तो निगम ने कर दिए, मगर आम जन की ओर उनका ध्यान नहीं है। कनेक्शन जोड़ने में भी भेदभाव किया गया।
विद्युत उपकेन्द्र शंकरपुर के अवर अभियन्ता प्रिंस कुमार ने बताया कि कनेक्शन नहीं जुड़ सका है। यह संज्ञान में नहीं था। कर्मचारियों को भेजकर कनेक्शन जोड़वा दिया जाएगा।
दूधिया रोशनी से जगमगा रहा कस्बा
नगर में 350 स्ट्रीट लाइट लगवाई जा रही हैं
अमर उजाला ब्यूरो
रुधौली। नगर पंचायत रुधौली में विकास कार्यों ने अब तेजी पकड़ ली है। विभिन्न वित्तीय मदों से धन आवंटन एवं स्वीकृति के बाद नगर पंचायत में विकास के कार्य दिखने लगे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने इसका श्रेय जनता को देते हुए विकास के लिए हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया है।
किसी भी नगर, गांव अथवा क्षेत्र के विकास के पैमाने पर सर्वप्रथम सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था को वरीयता दी जाती है। स्थानीय नगर पंचायत में इन्हीं तीन बिंदुओं पर विकास कार्य तेजी से बढ़ रहे हैं। नगर पंचायत ने 14वें वित्त की स्वीकृति से पूरे नगर परिक्षेत्र में लगभग 350 स्ट्रीट लाइटें लगवाई जा रही हैं। इसके साथ मुख्य मार्ग कर दो स्थानों पर छह हैलोजन के दो हाई मास्ट लगाए गए हैं। इस कार्य के तहत नगर पंचायत की सीमा में स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के दोनों ओर विद्युत पोलों पर, जबकि संपर्क मार्गों एवं वार्डों में भी सभी विद्युत पोलों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके अलावा अम्बेडकर नगर वार्ड में नगर पंचायत कार्यालय के पास अंत्येष्टि स्थल का कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इसी प्रकार डुमरियागंज एवं बखिरा मार्ग पर सड़क के दोनों ओर लगभग दो करोड़ की लागत से इंटरलॉकिंग पटरी निर्माण के साथ नाली निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चेयरमैन धीरसेन निषाद ने बताया कि नगर पंचायत में विकास कार्य जनता के सहयोग एवं धैर्य की देन है। नगर पंचायत मात्र एक साधन है। विकास कार्यों के साथ आवास योजना में नगर पंचायत आगे बढ़ रहा है। अब तक कुल 520 आवास स्वीकृत कराए जा चुके हैं जबकि 601 और आवासों को जल्द ही स्वीकृति मिलने वाली है।
विद्युत ट्रांसमिशन केंद्र का सांसद ने किया शिलान्यास
मंडल को मिली सौगात, दिसंबर तक शुरू होगा ट्रांसमिशन
अमर उजाला ब्यूरो
पैकोलिया। कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के भौंखरी गांव में उप्र पॉवर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड के 400 केवी विद्युत ट्रांसमिशन केंद्र का शिलान्यास सांसद हरीश द्विवेदी ने शनिवार को किया। कहा कि इस केंद्र के शुरू हो जाने से मंडल मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रो में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति मिलेगी ही साथ ही रोजगार से भी तमाम लोग जुडे़ंगे।
क्षेत्रीय विधायक सीए चन्द्र प्रकाश शुक्ल ने कहा कि इस ट्रांसमिशन के शुरू हो जाने पर इससे आच्छादित जिलों को अगले 20 वर्ष तक बिजली की समस्या से मुक्ति मिल जायेगी। अधीक्षण अभियंता वेद प्रकाश ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण कर लेने की अवधि दिसम्बर 2019 तक है, जिसे समय से पूरा कर किया जाएगा। कार्यक्रम को सदर विधायक दयाराम चौधरी, महादेवा विधायक रवि सोनकर, राजेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर अधिशासी अभियंता अरविन्द कुमार, इं. सतीश सिंह, इं. बृजेश मिश्र, इं. हरिओम पाठक, इं. आरपी सिंह, केके सिंह, दीपचन्द शुक्ल, जटाशंकर शुक्ल, श्रवण कुमार तिवारी, सानू चौहान, मनोज पाठक आदि मौजूद रहे।