ट्रेलर में पीछे से टकराई डबल डेकर बस, चालक सहित दो घायल
विक्रमजोत (बस्ती)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर छावनी थानाक्षेत्र के जमौलिया गांव के पास आगे चल रही ट्रेलर के अचानक ब्रेक लेने से बिहार से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस उसमें जा टकराई। जिसमें बस चालक व एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे एनएचएआई कर्मियों की मदद से घायल चालक को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत पहुंचाया गया। जहां घायल चालक की पहचान अशोक कुमार (24) पुत्र कृष्ण देव निवासी बालेजुनिया गोल्हौरा सिद्धार्थनगर व दूसरे यात्री की रामू निवासी गौरडीह मिश्रौलिया सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। घायलों को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद श्री राम चिकित्सालय अयोध्या के लिए रेफर कर दिया। बता दें कि बस में करीब सौ यात्री मौजूद थे और बाल बाल बच गए। वहीं, ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना में बस के यात्री सभी सुरक्षित हैं।