बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में दूसरे दिन रविवार को 19977 अभ्यर्थी शामिल हुए। आवागमन बहाल रखने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। जिले के कुल 29 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा कराई गई। दूसरे दिन 5031 ने परीक्षा छोड़ दी।
जनपद में दो दिनों में होने वाली पीईटी परीक्षा में 50016 अभ्यर्थी आवंटित किए गए थे। इनके लिए 29 केंद्र बनाए गए थे। पहले दिन दो पालियों में 12504-12504 अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी थी,जिनमें 19,937 ने ही परीक्षा दी। जबकि 5071 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरे दिन भी दोनों पालियों में इतने ही संख्या में परीक्षार्थी आवंटित रहे। सुबह की पाली में 10019 उपस्थित हुए। 2485 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 12504 में से 9958 ने परीक्षा दी। जबकि 2546 अनुपस्थित हो गए। इस तरह दोनों दिनों में कुल 39914 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। कुल 10,192 ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा को लेकर शनिवार सुबह से शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में हलचल बढ़ी रही। रेलवे स्टेशन, रोडवेज पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखी गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर महिला अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों का जमावड़ा लगा रहा। दो पहिया, चार पहिया वाहनों की भी लंबी कतार केंद्रों के बाहर देखी गई। कमिश्नर अखिलेश सिंह, डीआईजी संजीव त्यागी, डीएम रवीश गुप्ता, एसपी अभिनंदन, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान समेत सभी आला अधिकारी सुबह से ही सक्रिय रहे। परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।
दूर-दराज के अभ्यर्थी एक दिन पहले रात में ही पहुंच गए। रेलवे स्टेशन, रोडवेज, गेस्टहाउस के अलावा केंद्रों के आसपास अभ्यर्थियों ने डेरा जमा लिया। आजमगढ़, जौनपुर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर , बहराइच, वाराणसी, कानपुर सहित विभिन्न जनपदों से आए अभ्यर्थियों को उमस और चिलचिलाती धूप ने भी खूब परेशान किया। परीक्षा छूटते के बाद शहर के गांधीनगर, रोडवेज, कंपनीबाग, पचपेड़िया मार्ग, अस्पताल चौराहा पर भीषण जाम लग गया। यातायात एवं सिविल पुलिस को आवागमन बहाल करने के लिए घंटों पसीना बहाना पड़ा। दोपहर 12 बजे से दो बजे तक शहर के किसी मार्ग पर चलने लायक नहीं था। शहरवासी गलियों के रास्ते निकलने पर विवश रहे।