बस्ती। पुलिस लाइंस में रविवार को यातायात जागरूकता माह-2025 का भव्य समापन किया गया। मुख्य अतिथि डीआईजी संजीव त्यागी व एसपी अभिनंदन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में स्कूल, कॉलेज, बाजार, चौराहों और ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग, ओवर स्पीडिंग से बचना, शराब पीकर वाहन न चलाना और मोबाइल का प्रयोग न करने जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले में कुल 17,285 वाहन चालकों से 1.97 करोड़ रुपये शमन शुल्क वसूल किया है। 12 हजार 470 वाहनों पर हेलमेट न पहनने का चालान, 2366 वाहन गलत पार्किंग के लिए और 1130 वाहन चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के पकड़े गए। इसके अलावा अन्य उल्लंघन पर कुल 2613 चालान और 1796 वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए।
समापन समारोह में नव प्रशिक्षित आरक्षियों और आमजन को यातायात नियमों की शपथ दिलाई गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और सक्रिय नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।