जीजीआईसी मे परीक्षा के लिए सीटिंग प्लान करती शिक्षिका।
यूपी बोर्ड के तहत आयोजित होनी वाली 10 और 12वीं की परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए जिले में 193 केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। 16 मार्च से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा 21 अप्रैल को समाप्त होगी। हाईस्कूल के 47928 परीक्षार्थी शामिल होंगे। छात्र 24589 छात्राएं 23339 पंजीकृत हैं। वहीं इंटर में 38361 परीक्षार्थियों में बालक 18393 जबकि बालिकाओं की संख्या 19968 है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए चार जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम व 20 अधिकारियों को स्टैटिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। पांच सचल दस्तों के माध्यम से केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
डीएम प्रभु नरायन सिंह ने 10 मार्च को जीजीआईसी सभागार जोनल मजिस्ट्रेटों, केन्द्र व्यवस्थापकों व सचल दस्तों व की बैठक में पूर्ण नकल विहीन परीक्षा कराने की हिदायत दी है। डीआईओएस डॉ.राजेश कुमार आर्य ने बुधवार को कार्यालय में सचल दल के सदस्यों के साथ बैठक की। जिसमें परीक्षा को सुचारु रुप से सपन्न कराने पर चर्चा हुई। टीम में दो महिला भी शामिल हैं। डीआईओएस ने डीएम को पत्र भेजकर सचल दल के निरीक्षण के लिए वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है।
संवेदनशील केंद्रों में हर्रैया तहसील में रामदास उदय प्रताप औद्योगिक इंटर कॉलेज भटपुरवा चिलमा बाजार, अतरवासी देवी बालिका इंटर कालेज तुर्कीपुर चकोही, शहीद भगत सिंहहरीशनगर हरिगांव, बाबा बैजनाथ कालेज कनौना, महाराजा दशरथ उमा.वि. मखौड़ा धाम के नाम शामिल हैं। इसी तरह सदर तहसील में सूर्या पब्लिक कान्वेंट इंटर कालेज नगर बाजार, द्घारिका चौधरी इंटर कालेज लालगंज चौबाह, शारदा सरस्वती कन्या कालेज ढढौरा बानपुर, आदर्श बीके बालिका इंटर कालेज गायघाट, उदयराज सह शिक्षा निकेतन उमावि. चित्राखोर, चौधरी त्रिवेणी राम बालिका इंटर कालेज कलवारी, बीपी इंटर कालेज खोरिया बाजार, चन्द्रवती देवी बालिका इंटर कालेज बेलाड़ी व रुधौली तहसील में राजदेई विद्या बिहार इंटर कालेज बाघाडीहा का नाम शामिल है।
वहीं अतिसंवेदनशील केंद्रों में सदर तहसील के धौरुखोर दयानंद इंटर कालेज रामलाल नगर महादेवा दूसरा केंद्र हर्रैया तहसील का किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हुंडरा कुंवर के नाम शामिल है।