मिल श्रमिकों ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाया
मिल चलाने, बकाया भुगतान के लिए आंदोलित हैं श्रमिक
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज। गोविंद नगर शुगर मिल के श्रमिकों तथा किसानों ने मंगलवार से आंदोलन और तेज कर दिया है। अनिश्चितकालीन धरने के साथ ही प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर नारेबाजी की और मांगों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।
बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, श्रमिकों का बकाया वेतन, मिल को पहले की तरह चलाने की मांग को लेकर मिल मजदूर और किसान महीनों से क्रमिक धरने पर हैं। धरने के समर्थन में आए भाकियू के जिला अध्यक्ष राम मनोहर चौधरी ने कहा कि आठ अप्रैल को बैठक में डीएम ने आश्वासन दिया था कि 15 अप्रैल तक श्रमिकों का आंशिक भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन एक बार फिर कुछ नहीं हुआ। जिसके चलते श्रमिक व किसान आंदोलित होकर प्रधानमंत्री का पुतला जलाने और विरोध में नारे लगाने पर उतर आए हैं। श्रमिक कमलेश पटेल ने कहा कि हम सभी लोग अब बृहद आंदोलन करने को बाध्य हैं। जिला प्रशासन मिल प्रबंधन प्रबंधन की झूठी बातों में आकर आश्वासन दे रहा है। सपा नेता राम प्रकाश चौधरी ने कहा कि अब लड़ाई आर-पार की होगी, जिसके लिए क्षेत्र के किसान और मिल कर्मचारियों ने कमर कस ली है। इस मौके पर राधेश्याम चौधरी, उमाकांत दुबे, गनीराम चौधरी, चित्रभान सिंह, सत्य प्रकाश त्रिपाठी, कमलेश पांडेय, अखिलेश प्रताप सिंह, अनिरुद्ध सिंह, सत्यनारायण सिंह, अमर लाल चौधरी, सतीश चौधरी, अंगद वर्मा सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।