टीकाकरण में लापरवाही देख बिफरे एसआईसी
निरीक्षण के दौरान नदारद मिले टीकाकरण कर्मी
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सरकार आवाम के स्वास्थ्य को लेकर जहां बेहद गंभीर है, वहीं, जिले में शासन की मंशा पर कुछ कर्मचारी पलीता लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। यही नहीं रूटीन टीकाकरण भी लोगों का समय से नहीं हो पा रहा है। इसके चलते लोगों में काफी नाराजगी भी है।
जिला अस्पताल में नियमित टीकाकरण का जायजा लेने पहुंचे एसआईसी डॉ ओपी सिंह उस समय बिफर गए, जब उन्हें टीकाकरण कक्ष में कर्मी नदारद मिले। दरअसल, जिला अस्पताल में बुधवार व शनिवार को रूटीन टीकाकरण होता है। इसी के साथ रुबेला का टीका प्रतिदिन नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को लगना है। टीकाकरण को लेकर कुछ लोग एसआईसी से शिकायत करने पहुंचे। इसके बाद निरीक्षण कर एसआईसी ने अनुपस्थित कर्मी पर कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
चश्मे को लेकर खुला टेंडर
बस्ती। अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत लोगों में चश्मा वितरण के लिए टेंडर खोला गया। इसमें तीन फर्मोँ ने टेंडर डाला हुआ था। सीएमओ जेएलएम कुशवाहा, उप जिलाधिकारी रमेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों की देखरेख में टेंडर खोला गया। इसमें से दो फर्मों को मानक पूरा न होने के चलते टेंडर प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। सीएमओ ने बताया कि एक फर्म जो कि मानक के अनुरूप थी की फाइल को जिलाधिकारी के समक्ष अनुमोदन के लिए भेजा गया है।