गौर (बस्ती)। विकास कार्यों में रुचि न रखने, सप्ताहिक बैठक में अनुपस्थित रहने पर बीडीओ ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। ब्लॉक के 29 कर्मचारियों पर वेतन रोकने सहित कड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
बीडीओ रुकमणी वर्मा ने बताया कि सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं में लापरवाही बरतने एवं रूचि न रखने वाले कर्मचारियों के खिलाफ ही कड़ी कार्रवाई की गई है। बताया कि ब्लॉक पर आयोजित होने वाली साप्ताहिक बैठक में अनुपस्थित रहने एवं कार्य दिवस में मोबाइल बंद करने के आरोप में सेक्रेटरी राम रोहित का वेतन रोक दिया गया है। जबकि सेक्रेटरी श्रीप्रकाश वर्मा का एक दिन का वेतन रोका गया है। इसी तरह प्रशांत पांडेय को आरोप पत्र दिया गया है।जबकि तकनीकी सहायक राम लाल यादव, लक्ष्मन व अजय श्रीवास्तव की कार्यशैली ठीक न होने पर मानदेय रोकने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही जियो टैग न कराने, मास्टर रोल समय से उपलब्ध न कराने व बैठक में अनुपस्थित रहने पर 23 रोजगार सेवकों का भी मानदेय रोकने का आदेश दिया है। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
बीडीओ रुकमणी वर्मा ने बताया कि विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।