गरीबों का खाद्यान्न उन तक पहुंचे, यह सरकार की मंशा है। इसके तहत एनएफएसए लागू कर दिया गया है। इस अधिनियम के तहत गरीबों को पात्र गृहस्थी का राशन कार्ड मुहैया कराया गया है। अब वितरण को पारदर्शी बनाने को लेकर शासन ने कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत कोटा दुकानों पर ई-पास यानी प्वाइंट आफ सेल मशीन स्थापित कराने की योजना पर काम शुरू हो गया है। जिले के नगरीय क्षेत्रों की 57 कोटा दुकानों के लिए शासन ने यह मशीन जिला पूर्ति विभाग को उपलब्ध करा दी है। ई-पास से जिन 57 दुकानों को सुसज्जित किया जाएगा उनकी सूची बनाई जा रही है। इसके बाद उन कोटेदारों को इसके संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जुलाई माह में इसे उन दुकानों में स्थापित कर दिया जाएगा।
मुख्यालय, हर्रैया, बभनान, रूधौली सहित जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों में लगाई जाने वाली यह मशीन आन लाइन होगी, जैसे ही कार्ड धारक को राशन मिलेगा तत्काल उसका संपूर्ण विवरण शासन के संज्ञान में पहुंच जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्र ने बताया कि प्वाइंट आफ सेल डिवाइस के संचालन के लिए सोमवार से तय कोटेदारों का प्रशिक्षण लखनऊ की टीम कराएगी। जुलाई माह में इसका संचालन शुरू हो जाएगा।