बस्ती। विक्रमजोत धुसवा बंधे के पास स्थित दुबौलिया थाना क्षेत्र के पारा गांव के निकट बृहस्पतिवार शाम के करीब साढ़े सात बजे एक नाव पलट गई। इसमें अंबेडकरनगर जिले की तरफ स्थित अपने खेतों की सिंचाई करके लौट रहे 25 लोग सवार थे। मछुआरों ने उनमें से 21 को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि चार लापता हो गए हैं। इनमें थाना दुबौलिया क्षेत्र के पिपरी निवासी 48 वर्षीय छोटे लाल, 18 वर्षीय सुरजू और पारा निवासी 52 वर्षीय मायाराम व 20 वर्षीय बीहड शामिल हैं। लापता किसानों की तलाशके लिए सर्च लाइट की रोशनी में प्रशिक्षित गोताखोरों को पानी में उतारा गया। देर रात तक तलाश चलती रही। इस बीच नाव से बचाए गए पारा निवासी 50 वर्षीय राघवराम की करीब नौ बजे तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार वाले उन्हें लेकर जिला अस्पताल फैजाबाद रवाना हो गए। घाघरा नदी के बीच टापू पर स्थित बिन चिरागी गांव देवरा गंगबरार में इस पार के किसानों की खेतीबारी है। जहां वे नाव से जाकर शाम को लौट आते हैं। बृहस्पतिवार को गांव के प्रधान मुकेश सिंह उर्फ पिंटू की निजी नाव पर सवार होकर पारा और पिपरी गांव के 25 किसान सिंचाई करने गए। लौटते समय देर शाम करीब साढ़े सात बजे नाव किनारे पहुंचने को हुई तभी अचानक बाढ़ के समय पानी में गिरकर डूबे पेड़ से टकरा कर पलट गई।