धामपुर। मोहल्ला नई सराय में बदमाशों ने दो बंद पड़े मकानों को खंगाल डाला। बदमाश दोनों घरों से नगदी सहित सवा दो लाख की कीमत के जेवर व अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट कायम नहीं की थी।
मोहल्ले के मोहम्मद शाकिर ने बताया कि वह किसी काम से परिवार के सदस्यों के साथ घर पर ताला लगाकर अफजलगढ़ गया था। बदमाश उसके घर के मेन गेट पर लगे ताले को तोड़कर घर में घुसे और कमरों में रखे संदूकों, अलमारियों और सेफ को जमकर खंगाला। बदमाश इस दौरान उसके घर से 35 हजार की नकदी, चार तौले सोने के और पांच तोले चांदी के जेवर व घर में रखे बर्तनों को चोरी कर ले गए। उसका करीब सवा लाख की कीमत का नुकसान हुआ है।
उधर, इसी मोहल्ले में शाकिर के घर से कुछ दूर स्थित इस्लामुद्दीन के घर भी बदमाशों ने खंगाला। इस्लामुददीन ने बताया कि वह भी बच्चों के साथ घर में ताला डालकर ताजपुर गया था। बदमाश दीवार फांदकर उसके घर में घुसे और घर के कमरों का ताला तोड़ कर सात हजार की नकदी, दो मोबाइल, दो तौले वजन की सोने की बाली चोरी कर ले गए। एक ही रात में दो स्थानों पर हुई चोरी की घटना से नगर के लोगों में दहशत है। गौरतलब है कि बदमाश तीन दिन पहले हाईवे 74 पर शेरकोट निवासी जूता व्यापारी की बाइक, दो मोबाइल और तीन हजार की नकदी लूट कर ले गए थे। आरोप है कि पुलिस बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर पूरी तरह से रोक लगाने में नाकामयाब साबित हो रही है। उधर, सीओ अर्चना सिंह का कहना है कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कर कार्रवाई कराएंगी।