साऊंघाट (बस्ती)। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित परसा हज्जाम में अज्ञात बदमाशों ने रात के ग्यारह बजे अलाउद्दीन के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर के फाटक को तोड़ने का प्रयास किया, मगर इसी बीच गृह स्वामी अलाउद्दीन की नींद टूट गई। वे दरवाजा खोल कर बाहर आए तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमला से बचने के बाद वह घर छोड़ कर गांव में भागे, जहां शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। पकड़े जाने के भय से बदमाश फरार हो गए।
दरवाजा पर आवाज सुनकर अलाउद़्दीन जैसे बाहर निकले एक बदमाश ने उन पर बंदूक के कुंदे से हमला कर दिया। चोट लगने के बाद भी वे भागने लगे। इसी बीच साथी बदमाश ने उनका पीछा किया, मगर अंधेरे में कीचड़ के चलते वह फिसल कर गिर गया। इसी बीच अलाउद्दीन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके का लाभ उठाकर बदमाश फरार हो गए।
अलाउद्दीन ने बताया कि बदमाशों की संख्या चार थी वे कार से आए थे। कूंदे की चोट कंधे पर लगी है। पुलिस को सूचना देने से उन्होंने इंकार किया।