बस्ती। अनुशासनहीनता और तैनाती स्थल पर न जाने के आरोप में दो सफाई कर्मियों को डीपीआरओ शिवशंकर सिंह ने निलंबित कर दिया है। पहला निलंबन ब्लॉक परशुरामपुर के राजस्व ग्राम हैदराबाद में तैनात और सीडीओ कार्यालय से संबद्ध सफाई कर्मी श्यामकरन का हुआ। इन पर तैनाती स्थल पर आदेश के बावजूद न जाने और बिना किसी पूर्व सूचना के पलायित रहने का आरोप है। इन पर यह भी आरोप है कि गांव में न जाने से गंदगी का अंबार लगने के कारण गंभीर स्थित उत्पन्न हो गई थी। जिसके कारण निलंबित करते हुए ब्लॉक रूधौली से संबद्ध कर दिया गया। एडीओ पंचायत बनकटी को जांच अधिकारी बनाया गया है।
दूसरा निलंबन रूधौली ब्लॉक के ग्राम पंचायत हनुमानगंज के राजस्व ग्राम हनुमानगंज में तैनात सफाई कर्मी सर्वजीत का हुआ। इन पर भी वही आरोप है जो श्याम करन पर लगाए गएं हैं। इन्हें निलंबित कर ब्लॉक रूधौली से संबद्ध कर दिया गया। एडीओ पंचायत गौर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।