राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत आयोजित दस्त सप्ताह का आगाज अवकाश के दिन सोमवार से हुआ। अवकाश के चलते केंद्रों पर कम संख्या में लोग पहुंचे। उन्हें ओआरएस घोल के पैकेट तथा जिंक वितरित किया गया। मौसम को देखते हुए शासन ने ग्रामीण इलाको के बच्चों को उल्टी दस्त से सुरक्षित करने के लिए एनआरएम के तहत ओआरएस पाउडर व जिंक की गोलियां वितरित करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के क्रम में यह योजना जिले के दस सीएचसी, पांच पीएचसी के अलावा आंगनबाड़ी व एएनएम केंद्रों से वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम सोमवार से लेकर 2 जुलाई तक चलेगा।
सीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा ने बताया कि जिले के दवा भंडार में पांच हजार पैकेट ओआरएस तथा करीब बड़ी मात्रा में जिंक टेबलेट मौजूद है। कहा कि सभी केंद्रों पर इसे थोड़ा-थोड़ा उपलब्ध करा दिया गया है। केंद्रों से डिमांड मांगी गई थी, जो करीब चालीस हजार पैकेट की है। इसके सापेक्ष शासन से 25 हजार पैकेट ओआरएस तथा 25 हजार जिंक गोलियों की डिमांड भेज दी गई है। एकाध दिन में वह उपलब्ध हो जाएगा। कार्यक्रम में बच्चों को केंद्र पर ही दवा व ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराया जाएगा। सीएमओ ने कहा कि पहले दिन त्योहार के चलते अवकाश था, इसलिए कम बच्चे ही केंद्रों पर आए थे, जो भी वहां पहुंचा सभी को वितरित कर दिया गया। कार्यक्रम को सुचारु ढंग से संचालित करने के लिए निगरानी रखी जाएगी।