खेल से जोड़े जाएंगे परिषदीय विद्यालयों के बच्चे
खेल उपकरण खरीदने के लिए प्रति विद्यालय 10 हजार मिलेंगे
व्यायाम शिक्षकों के साथ हर माह बीएसए और बीईओ करेंगे बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने कक्षा एक से आठ के बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार खेले से जोड़ने के लिए की कवायद शुरू की है। इसको लेकर बेसिक शिक्षा निदेशक ने निर्देश जारी किए हैं।
परिषदीय विद्यालयों में खेल को बढ़ावा देने के लिए दो माह पहले अपर शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में सूबे के सभी व्यायाम शिक्षकों की बैठक भी हुई थी। परिषदीय विद्यालय के बच्चों में खेल की भावना को बढ़ावा देने के लिए चर्चा की गई थी। प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल में खेल सामग्री खरीदने के लिए दस-दस हजार रुपये जारी करने के लिए आदेशित कर दिया गया था। बीएसए या बीईओ प्रत्येक माह खेल शिक्षकों के साथ बैठक करेंगे। समीक्षा करके प्रगति रिपोर्ट देंगे। इसके आधार पर विद्यालय से चयन करके जिला और मंडल स्तर पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। जिले में 1747 प्राथमिक और 639 जूनियर हाईस्कूल हैं, जिसमें लगभग दो लाख बच्चे पढ़ते हैं। उन बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार खेल से जोड़ा जाएगा। इसमें लिए सभी विद्यालय फुटबॉल, योग और जिमनास्टिक के लिए गेंद, स्टॉप वाच, बैडमिंटन रैकेट, शटल व नेट, क्रिकेट के सामान, कैरम और चेस बोर्ड, रस्सी, गोल पोस्ट, बॉस्केटबॉल, डिस, रिंग और हवा भरने के लिए पंप विद्यालयों को खरीदने होंगे। बीएसए अरुण कुमार ने कहा कि के लिए सभी बीईओ को आदेशित किया गया है कि बच्चों को खेल के प्रति जागरूकता लाने के लिए खेल शिक्षक अनुदेशक, अभिभावक के साथ एक समिति बनाएंगे और उसकी समीक्षा करेंगे।