बस्ती। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा का मूल्यांकन कार्य में केवल दो दिन शेष हैं। लगभग सभी केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य का अंतिम दौर में चल रहा है। अधिकतर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच हो चुकी है। होली में दो दिन मूल्यांकन कार्य बंद रहने से अब 26 मार्च तक कार्य पूरा जाएगा।
यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और जीजीआईसी में हो रहा। जिसमें जीआईसी में हिंदी, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, जीव विज्ञान, वाणिज्य, कृषि, व्यावसायिक, कला और संगीत में कुल 108641 कॉपियां केंद्र को प्राप्त हुई हैं। जिसमें 104141 कापियों की जांच की जा चुकी। केवल समान्य हिन्दी विषय में 4500 कापियों का मूल्याकंन होना है। जीजीआईसी में संस्कृत, उर्दू, अंग्रेजी, गणित, सैन्य विज्ञान, शिक्षा शास्त्र, गृह विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान में कुल 101445 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो गया। केवल गृहविज्ञान में 1200 कापियां जांचनी शेष हैं। इसी तरह जीआरएस इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, गृहविज्ञान, विज्ञान, संगीत गायन, वाणिज्य में 102606 कापियों जांच हो चुकी हैं। विज्ञान विषय की 10379 कापियां जांचने को शेष हैं जबकि श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज में हिंदी, सामाजिक विज्ञान, चित्रकला, कंप्यूटर, उर्दू में कुल 87440 कॉपियों का मूल्याकंन किया जा चुका है। सामाजिक विज्ञान में दो शिक्षकों के जांचने के कारण 3200 कॉपियां जांची जानी शेष हैं। डीआईओएस डॉ. बृजभूषण मौर्य ने कहा की मूल्यांकन कार्य 26 मार्च तक पूरा करना हैख् जो समय से पूरा हो जाएगा।
806 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
गौर। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या से संबद्ध परीक्षा केंद्रों पर रविवार को पर्यावरण अध्ययन, राष्ट्र गौरव पर्यावरण एवं मानवाधिकार विषयों की परीक्षाएं आयोजित हुईं। तीन पालियों में हुई परीक्षा में अब तक कुल 806 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है।
आचार्य नरेंद्र किसान पीजी कॉलेज बभनान में प्रथम पाली में बीए, बीएसस, बीकॉम तृतीय वर्ष का पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा हुई। इसमें कुल 1798 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 55 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। इसी तरह द्वितीय पाली में बीए, बीएससी व बीकॉम द्वितीय वर्ष की राष्ट्र गौरव पर्यावरण एवं मानवाधिकार विषय की परीक्षाएं हुईं, जिसमें कुल 1605 शामिल हुए, जबकि 78 ने परीक्षा छोड़ दी। महाविद्यालय के केंद्राध्यक्ष व प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि महाविद्यालय में विभिन्न विषयों की परीक्षाओं में अब तक कुल 806 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। जबकि महाविद्यालय के उड़ाका दल ने चार को परीक्षा के दौरान अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा। जिन पर कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। बताया कि इस बार परीक्षा ऑडियो युक्त सीसीटीवी की निगरानी में चल रही है। पहली बार विश्व विद्यालय प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम से लाइव देखने की व्यवस्था की है।