कप्तानगंज प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का कोरम पूरा
धनपति के नेतृत्व में 55 सदस्यों ने दिया था नोटिस
डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने किया सत्यापन
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। कप्तानगंज की ब्लॉक प्रमुख माधुरी आर्या के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उतरे बीडीसी सदस्यों का सत्यापन के बाद बृहस्पतिवार को कोरम पूरा हो गया। सीडीओ कार्यालय में 35 बीडीसी सदस्य उपस्थित हुए और उनका परीक्षण टीम ने करने के बाद अविश्वास प्रस्ताव के कोरम पूरा होने की आख्या डीएम को भेज दी है। अब डीएम इस मामले को एक माह के भीतर निपटाएंगे।
कप्तानगंज की ब्लॉक प्रमुख माधुरी आर्या के खिलाफ चार दिन पहले 55 बीडीसी सदस्यों ने धनपति के नेतृत्व में डीएम डा. राजशेखर को अविश्वास प्रस्ताव दिया। इस प्रस्ताव के बाद डीएम ने इसके परीक्षण के लिए सीडीओ अरविंद पांडेय को जिम्मेदारी दे दी। सीडीओ ने तिथि निर्धारित करते हुए परीक्षण के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी रामचंद्र दूबे, पीडी व प्रभारी बीडीओ कप्तानगंज आरपी सिंह, डीपीआरओ शिवशंकर सिंह की टीम गठित कर दी। विकास भवन में सीडीओ कार्यालय में बृहस्पतिवार को 55 बीडीसी का परीक्षण किया जाना था, मगर उसमें से 35 उपस्थित हुए। टीम ने अलग-अलग सभी सदस्यों से उनके व्यक्तिगत अभिलेख मांगें और उनकी बात सुनी। सभी ने अविश्वास की बात दोहरा दी। दिन भर चले उहापोह के बाद अब प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का कोरम पूरा हो गया है। यानी अब यह तय है कि प्रमुख को अपना पद छोड़ना होगा। सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव का कोरम पूरा हो गया है क्योंकि 57 बीडीसी वाले इस ब्लाक में 35 ने अविश्वास प्रस्ताव की सहमति दे दी है। अब इसकी आख्या डीएम को भेजी गई है। डीएम कोई तिथि निर्धारित कर अगली कार्रवाई पूरी करेंगे।