तहसील के जिम्मेदारों पर उच्चाधिकारियों के आदेश का कोई फर्क नहीं। कार्य क्षेत्र में बदलाव के आदेश के दो महीने बाद भी कई ग्राम पंचायत अधिकारी अपनी जगह पर आये नये समकक्षों को चार्ज देने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।
तहसील मुख्यालय पर नई तैनाती पाए दो नए जिम्मेदारों को छह में से अभी महज दो-दो गांवों का चार्ज मिल पाया है, शेष की जिम्मेदारी के लिए वह अभी भी राह देख रहे हैं। 13 अप्रैल को जिला पंचायत राज अधिकारी शिवशंकर सिंह के आदेश के क्रम सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव का आदेश जारी हुआ। एक सप्ताह के भीतर अपनी जगह पर नए समकक्षों को उनके ग्राम पंचायतों का चार्ज देकर सूचना जिले को भेजने के लिए भी निर्देशित किया गया था। 11 मई को मुख्यालय पर ज्वाइंट बीडीओ के रूप में कार्यभार संभालते हुए चंद्र प्रकाश यादव ने बीते 27 दिनों के भीतर दो बार रिमाइंडर भी जारी किया है फिर भी 12 में से किसी ग्राम पंचायत अधिकारी ने न तो अपना चार्ज दिया और न ही चार्ज लिया। वहीं नौ मार्च को नियुक्त शिवशंकर चौधरी को आवंटित छह ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत रायठ का चार्ज 15 मई तो कुड़ही का चार्ज 19 मई को मिला। विजय कुमार चौधरी को भी आवंटित छह ग्राम पंचायतों में पिपरा खुर्द और पिपरा कलां का चार्ज 15 मई को मिला, शेष के लिए इंतजार है। पात्र गृहस्थी के सत्यापन समेत कई कार्य ठप हैं।
इस बारे में बीडीओ चंद्र प्रकाश यादव ने बताया कि हाल ही में11 मई को रुधौली विकास खंड में तैनाती हुई है। आदेश के क्रम में शीघ्रता से कार्य करने के लिए ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देशित करने के साथ दो बार रिमाइंडर भी दिया गया, लेकिन फिर भी आदेश बेअसर है।।
-