भानपुर (बस्ती)। पिछले 10 महीने से मानदेय नहीं मिलने पर संविदाकर्मियों ने पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप कर दी। धरने पर बैठे कर्मचारियों को शुक्रवार तक चेक दिलाने का जेई ने आश्वासन दिया तब आपूर्ति बहाल हुई।
बिजली संविदाकर्मचारी बृहस्पतिवार को भानपुर विद्युत उपकेंद्र पर जुटे। सभी मशीनों का संचालन व क्षेत्र के कार्यों को ठप कर धरने पर बैठ गए। विभागीय अधिकारियों से नाराज कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की। सुबह 10 बजे से ही सब स्टेशन के सभी फीडरों की आपूर्ति बंद कर दी। विरोध और गुस्से को देखकर कोई भी जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। आफिस में ही बैठकर मानदेय दिलाने का आश्वासन देते रहे। संविदाकर्मियों का सितंबर से ही मानदेय बकाया है। कोई भी अधिकारी पहल नहीं कर रहा है। कर्मियों का कहना है कि बात करने पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। राम लौट, राम सुदंर, यशपाल सिंह, जग प्रसाद, सत्य प्रकाश, गगांराम ने बताया कि मानदेय न मिलने से गृहस्थी का सारा बजट बिगड गया है। फिर भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कार्यदायी संस्था द्वारा परिचय पत्र व बीमा का पूफ्र भी नहीं दिया जा रहा है। आपूर्ति बाधित होने के बाबत जेई आशुतोष कुमार लाहिडी ने बताया कि आपूर्ति सविंदा कर्मियों के धरने के वजह से नहीं बल्कि 33 हजार वोल्ट की एचटी लाइन ब्रेक डाउन होने से बाधित रही। संविदा कर्मियों के मानदेय का चेक उनकी कंपनी के ठेकेदारों को उपलब्ध करा दिया गया है। शीघ्र ही बकाया भुगतान मिल जाएगा।