रूधौली। क्षेत्र के ग्राम पंचायत हटवा के राजस्व गांव कड़ही में आयोजित शादी समारोह के दूसरे दिन बुधवार सुबह बरातियों-घरातियों में से दो दर्जन को फूड प्वायजनिंग के कारण उल्टी व चक्कर की शिकायत हो गई। एक-एक कर सभी की हालत बिगड़ते देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने कुछ को सीएचसी रुधौली में भर्ती कराया। जबकि कुछ मरीजों को स्थानीय स्तर पर इलाज कराया।
गांव के विद्याप्रसाद की बेटी की मंगलवार को शादी थी। रात में वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बुधवार सुबह लगभग सात बजे बारातियों व घरातियों ने चना-जलेबी का नाश्ता किया। नाश्ता करने के कुछ समय बाद लोगों को उल्टी-दस्त व सिर में चक्कर की शिकायत होने लगी, जिससे बारातियों में हड़कंप मच गया।
विद्याप्रसाद के रिश्तेदार सुमित्रा, कपुरा, बेचन प्रसाद को सिर में चक्कर की शिकायत के बाद उल्टी होने लगी। उसके बाद दिनेश उपाध्याय ने 108 पर डायल कर एंबुलेंस को सूचित किया। लगभग 10 बजे क्षेत्र की एएनएम सुधा गौड़ ने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों को ओआरएस का घोल दिया।
जब तक एंबुलेंस पहुंचती संजू, चन्दा, बब्लू, इसरावती, मैना, वीरेंद्र, संध्या, प्रमिला, गंगाराम आदि की हालत गंभीर हो चुकी थी, जिन्हें तुरंत ग्रामीणों ने सीएचसी रूधौली भिजवाया, जहां डॉक्टर ने इलाज किया। उनका कहना है कि मरीजों की हालत सामान्य है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि अत्यधिक तेल मसाला व गुणवत्ता विहीन खाद्य पदार्थों से बनी चीजें खाने के कारण लोगों को परेशानी हुई है। अब सभी की हालत सामान्य है।