जीओ टैग न करने पर 21 विभागाध्यक्षों को नोटिस
वृहद पौधरोपण अभियान के पौधों को टैग करना था
30 जून तक पूरा न करने पर रोका जाएगा पूरे विभाग का वेतन
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। वर्ष 2018 में वृहद पौधरोपण अभियान के दौरान लगाए गए सभी पौधों का फोटो निर्धारित एप में अपलोड करने और जीओ टैग करने में नाकाम रहे 21 विभागाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डीएम डॉ. राजशेखर ने उन्हें इसके लिए 30 जून तक इस शर्त के साथ मोहलत दी है कि जो विभाग शत-प्रतिशत टैगिंग नहीं करेंगे, उनके पूरे विभाग का वेतन रोक दिया जाएगा।
इसमें सीडीओ, एसपी, सीएमओ, डीएचओ, ईओ नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी और सरयूनहर के अधिशासी अभियंता (दोनों नोडल अधिकारी) को यह नोटिस दिया गया है। इसके अलावा सहायक निदेशक रेशम, डीआईओएस, बीएसए, जीएम जिला उद्योग केंद्र, डीएचओ, सीएमओ वेटनरी, एआर कोआपरेटिव, प्राचार्य पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्य बीडीओ को भी कारण बताओ नोटिस थमाया गया है। 15 अगस्त 2018 के पौधरोपण का विभागीय एप पर फोटो अपलोड करने के साथ ही जीओ टैग करने को कहा गया था। निर्धारित तिथि तक सिर्फ प्राविधिक शिक्षा विभाग ने अपना दायित्व पूरा किया। बाकी विभागों ने इसे नजरअंदाज कर दिया था। इसे लेकर डीएम ने मंगलवार को कड़े निर्देश जारी किए हैं।