कप्तानगंज। क्षेत्र के हरिवंश पुर मोड़ पर दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए हैं। शव की पहचान खोली कुर्ला निवासी अमर चंद पुत्र भीमसेन के रूप में हुई है। उधर, गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह यातायात सुचारु कराया।
सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से शव को कब्जे में लेकर घायलों को सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। घायलों में गौर थाना क्षेत्र के पठखौली निवासी प्रमोद कुमार व सूरज चौहान निवासी हरिबंशपुर कप्तानगंज के रूप में हुई जो अपनी मां को लेकर जा रहे थे। उनकी मां को भी चोट लगी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक सवार दो युवक नगर मार्ग से कप्तानगंज बाजार जा रहे थे। तभी सामने से आ रही मां-बेटे की बाइक उनसे टकरा गई। सूचना पुलिस को दी गई। आक्रोशित लोगो ने नगर कप्तानगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल प्रमोद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूरज की मां का इलाज स्थानीय स्तर पर ही चल रहा है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कलवारी अनिल सिंह और प्रभारी निरीक्षक सरोज शर्मा सीएचसी पहुंचे।