प्रसूता की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
- गौर सीएचसी पर महिला ने बच्ची को दिया था जन्म
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। सीएचसी गौर में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों व स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाकर सीएमओ व पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गौर क्षेत्र के ग्रामसभा तरैनी निवासी राजकुमार ने सीएमओ व गौर पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी शीला (28) को शनिवार की रात प्रसव के लिए गौर सीएचसी लेकर आए, जहां पर घंटों स्टाफ नर्स और डॉक्टर का दरवाजा खटखटाते रहे, लेकिन कोई बाहर नहीं निकला और प्रसूता तड़पती रही। काफी प्रयास के बाद स्टाफ नर्स गर्भवती का इलाज शुरू किया। कुछ देर बाद उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद प्रसूता को काफी रक्त स्राव हुआ, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर देख प्रसूता को महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां से डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जैसे ही लोग अस्पताल गेट से बाहर निकले प्रसूता की मौत हो गई। इस घटना को लेकर परिजनों ने गौर सीएचसी पर तैनात स्टाफ नर्स और डॉक्टरों के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया है।
सीएचसी अधीक्षक आनंद कुमार मिश्र ने कहा कि इस तरह का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इस संबंध में जब एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।