गोवंश आश्रयस्थलों पर पहुंची जांच टीम, खामियां उजागर
रामनगर ब्लॉक क्षेत्र में कहीं भूसा तो कहीं टिनशेड तक नहीं
कमिश्नर और डीएम की ओर से नामित टीम ने जायजा लिया
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। रामनगर ब्लॉक की 10 ग्राम पंचायतों में संचालित गोवंश आश्रय स्थलों की जांच कमिश्नर और डीएम की ओर से नामित टीम ने की। जांच टीम को कई खामियां मिली हैं। बीडीओ ने बताया कि संबंधित सेक्रेट्री को खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
रामनगर ब्लॉक क्षेत्र में शनिवार को पहुंची जांच टीम को आश्रयस्थलों पर कहीं खाई की चौड़ाई कम मिली, तो कहीं कंटीला तार आदि नहीं लगे होने से पशुओं के निकल जाने की बात बताई गई है। यहां तक कि भूसा रखने के लिए बनाए गए भवन पर टिनशेड तक नहीं लगा था। जिला पंचायत की ओर से संचालित किए जा रहे कांजी हाउस की दशा भी बहुत ठीक नहीं मिली है। असनहरा पुलिस चौकी के पास बने कांजी हाउस में मात्र दो पशु पाए गए हैं। सोनहा थाने के सामने बना कांजी हाउस अभी पूरी तरह से व्यवस्थित भी नही हो सका है। शनिवार को रामनगर ब्लॉक के बनटिकरा गौवंश आश्रय स्थल का एईएमआई आरएस श्रीवास्तव व आपूर्ति निरीक्षक रमेश कुमार वर्मा ने जायजा लिया। जहां 12 पशु पाए गए, जिसमें से छह पशुओं की ही टैगिंग की गई थी। चारे के रूप में मात्र भूसा और पानी ही मिला है। हालांकि, पशुओं की देखरेख में लगे सभी सफाई कर्मी उपस्थित थे। ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि ने बताया कि अभी तक इस आश्रय स्थल पर किसी चौकीदार की तैनाती नहीं हो सकी है, जिससे यहां रखे सामान की रखवाली में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि इसके चलते किसी ने आश्रय स्थल पर लगी सोलर लाइट की बैट्री ही चोरी कर ली। जिससे रात में आश्रय स्थल पर अंधेरा छा जाता है। बीडीओ हरिश्चन्द्र ने बताया कि व्यवस्था में सुधार के लिए संबधित सेक्रेट्री को पत्र लिखकर निर्देशित किया गया है।