घाघरा तटबंध का निरीक्षण करते अधिशाषी अभियंता ।
- फोटो : अमर उजाला
विक्रमजोत/ दुबौलिया। घाघरा के घटते जलस्तर से कटान तेजी से होने लगी है। इससे नदी किनारे बसे गांवों के लोगों की नींद उड़ी हुई है।विक्रमजोत ब्लॉक के केशवपुर, बाघानाला व सहजौरा पाठक में नदी कटान कर रही है। केशवपुर के करीब खेती वाली जमीनें लगातार धारा में समा रही हैं। बाघानाला व भरथापुर गांव के पास नदी ने कटान का दायरा बढ़ा लिया है। सबसे खराब हालात सहजौरा पाठक की है। यहां पर नदी की धारा सीधे टकरा रही है। पिछले वर्ष भी नदी ने यहां तबाही मचाई थी। सहजौरा में विद्युतीकरण के लिए लगाए गए खंभे तार सहित नदी में समा गए है। कल्याणपुर स्कूल से पूरब रुक रुक कर कटान चल रहा।
सहजौरा के धनीराम, माझा लाल, माता प्रसाद और गांव की महिलाओं का कहना है कि तीन सालों से हमारा घर व गांव नदी में समा रहा है पर प्रशासन की ओर न तो कोई सुरक्षा की व्यवस्था की गयी और न ही बसाने की। केशवपुर गांव के रामदुलारे मिश्र, रमेश सिंह, शैलेंद्र कुमार, राजकुमार, जगदम्बा,दिनेश, जयप्रकाश पाण्डेय, सहित तमाम ग्रामीणों ने जल्द ही कटान रोकने के उपाय करने की प्रशासन से मांग की है। दुबौलिया क्षेत्र के कटरिया-चांदपुर तटबंध से छूकर बह रही घाघरा खलवा और खजांचीपुर गांव के मध्य कटान कर रही है। एसडीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि बेस बनाने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। किसी भी प्रकार की ढ़िलाई नहीं बरती जा रही है। बोल्डर और ईंट रोडे़ लगातार आ रहे हैं। आपातकालीन स्थिति के लिए रखा जा रही। तटबंध पूरी तरह से सुरक्षित है।