टिन शेड में घुसी काठमांडू से दिल्ली जा रही बस
बस्ती।
काठमांडू से यात्रियों को नई दिल्ली पहुंचाने जा रही नेपाल-इंडिया फ्रेन्डशिप पैसेंजर बस बृहस्पतिवार की देर रात करीब दो बजे फोरलेन पर भदावल हर्रैया के निकट अनियंत्रित होकर एक टिन शेड में जा घुसी। रफ्तार ज्यादा होने से बस पलटने के बावजूद शेड तोड़ते हुए सामने की दीवार से टकराने के बाद रुकी। इस हादसे में कुछ यात्रियों व चालक दल के सदस्यों को मामूली चोट पहुंची है। वहीं से कुछ दूरी पर स्थापित पंडाल में फिल्म देख रहे तमाम श्रद्धालु भी चपेट में आने से बाल-बाल बचे।
आधी रात के बाद हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक बस से यात्री व ड्राइवर-खलासी निकल चुके थे। कुछ देर में ही एनएचएआई की टीम पहुंची। क्रेन की मदद से बस सीधा करवाने के बाद रोड पर लाया गया। घटना से बस में सवार यात्री काफी घबराए हुए थे। काफी रात होने से तत्काल मदद को भी कोई नहीं मिला। कुछ देर बाद उनकी हालत देख आसपास के लोग आगे आए। यात्रियों ने बस स्टॉफ के खिलाफ पुलिस से शिकायत की तो मामला मुकदमे तक जा पहुंचा लेकिन कुछ यात्रियों के अनुरोध पर नुकसान की भरपाई कराने की शर्त पर समझौता हुआ। तब यात्रियों को लेकर बस दिल्ली को रवाना हुई।
प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह का कहना है कि वह लोग कार्रवाई नहीं चाहते थे और दूसरी समस्या यात्रियों को गंतव्य तक भेजने की थी लिहाजा उनमें सुलह कराने के बाद भेजा गया।
दुर्गापूजा देखकर लौट रहीं बुजुर्ग महिला की हादसे में मौत
बस्ती।
फोरलेन पर मुंडेरवा क्षेत्र के परसा मुजहना के पास बेकाबू वाहन ने 57 वर्षीया महिला को अपने चपेट में लेकर उन्हें टक्कर मार दी लिहाजा इस हादसे में मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तबतक चालक वाहन को लेकर फरार हो गया।
मुंडेरवा थाने के मुजहना निवासी मिथिला (57) पति रामगोविन्द के देहावसान के बाद बेटी के साथ घर में रहती थीं। बिटिया की शादी होने के बाद वह बिल्कुल अकेली थीं। बृहस्पतिवार रात गांव की तमाम महिलाओं के साथ वह भी हाईवे के पास बने दुर्गा पूजा पंडाल में आई थीं। आधी रात तक वे सभी लोग पंडाल में रहे। करीब साढ़े बारह बजे हाईवे से गांव की ओर मुड़ने वाले मोड़ पर निकलीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उन्हें अपने चपेट में ले लिया। बाकी लोग भाग गए लेकिन मिथिला चपेट में आ गईं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आमने-सामने बाइकों की टक्कर, चार जख्मी
हर्रैया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को अलग -अलग स्थानों पर हादसे में चार युवक जख्मी हुए हैं। एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहली दुर्घटना भोर में जिवधरपुर गांव के पास हुई। दिल्ली से सामान लादकर गुवाहाटी जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे हुए हादसे में कानपुर के हसन नगर थाना क्षेत्र के निरया गांव निवासी चालक प्रेम शंकर को चोट तो नहीं लगी मगर खलासी घायल हो गया।
दूसरी दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे संसारीपुर चौराहे के पास हुई। गोंडा जिले के कोतवाली क्षेत्र के भटवलिया निवासी अखिलेश शर्मा (27 वर्ष) व नीतेश शर्मा (25 वर्ष) बाइक से गोरखपुर जा रहे थे। क्षेत्र के शंभूपुर निवासी सतीश पांडेय व जोकहा निवासी विकास पांडेय महराजगंज बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे। हाईवे स्थित संसारीपुर चौराहे से दाहिनी तरफ अपने गांव शंभू पुर जाने के लिए मुड़ रहे थे इतनी ही देर में तेज रफ्तार दूसरी बाइक पहुंच गई जिससे दोनों बाइकों में सीधी टक्कर हो गई। हादसे में सतीश पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया जबकि विकास बाल -बाल बच गया। दूसरी बाइक पर सवार अखिलेश व नीतेश को मामूली चोट लगी है। एंबुलेंस 108 सेवा से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल सतीश को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया में ही हुआ है। घायल के परिवार वालों को सूचना दे दी गई।