उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम कानपुर के प्रबंध निदेशक सुखलाल भारती ने डीएम को पत्र लिख कर बस्ती के डिपो मैनेजर विश्वसेन पाल से 51 लाख से अधिक धनराशि की वसूली करने को कहा है। रकम का दुरुपयोग डिपो मैनेजर रहते करने की बात कही गई है। मामला दस साल पुराना है।
डीएम को लिखे पत्र में हथकरघा के एमडी ने ब्यौरा देते हुए कहा कि वर्ष 2007 में ग्राम सिकटहा निवासी विश्वसेन पाल ने निगम के डिपो मैनेजर द्वितीय पद पर रहते हुए वस्त्रों की बिक्री में हेराफेरी करके 51 लाख तीन हजार 616 रुपये का दुरुपयोग कर लिया। वसूली के लिए नोटिस दी गई, मगर रकम को वापस नहीं किया गया। एमडी ने डीएम से धन का दुरुपयोग करने वाले की चल अचल संपत्ति की नीलामी करके धन की वसूली की जाए। धन की वसूली 12 फीसदी ब्याज के दर से करने की बात कही गई है। डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि धन की वसूली के लिए संबधित तहसील के एसडीएम और तहसीदार को निर्देश दे दिया गया है।