सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद हरीश द्विवेदी।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। शिव हर्ष किसान महाविद्यालय परिसर आज 151 युवाओं के विवाह का साक्षी स्थल बना। अवसर था मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवजीवन में प्रवेश का। प्रशासन की ओर से आयोजित विवाह समारोह में जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
रविवार दोपहर आयोजित समारोह में गायत्री शक्ति पीठ के विद्वानों ने पाणिग्रहण संस्कार कराया, जबकि नेहरू युवा केंद्र के लोगों ने बैंडबाजे से खुशी जताई। किसान डिग्री कॉलेज के मुख्य भवन से सभी दूल्हों की बारात बैंडबाजे के साथ सुबह 11.40 बजे विवाह मंडप के लिए निकली। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखा गया। डीएम सुशील कुमार मौर्या की अगुआई में जिला प्रशासन की पूरी टीम ने बारातियों का स्वागत किया। जिला प्रशासन की ओर से दांपत्य सूत्र में बंधे सभी दंपती के खातों में 20-20 हजार रुपये भेजे गए। हिंदू और मुस्लिम समुदाय के नवदंपतियों के सामूहिक रस्म से पूरा महौल कौमी एकता की मिशाल पेश कर रहा था। सभी आगंतुकों ने जिला प्रशासन की रचनात्मक कार्य शैली और आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी।