बस्ती। उप्र संगीत नाटक अकादमी लखनऊ संस्कृति विभाग और गौरैया सांस्कृतिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब सभागार में 15 दिवसीय लोकगीत कार्यशाला शुरू हुई। पं. ज्वाला प्रसाद संगीत सेवा संस्थान के संयोजन में कार्यशाला का उद्घाटन भाजपा नेता अंकुर वर्मा और समाजसेवी डा. वीके वर्मा ने किया। कहा कि नई पीढ़ी को लोकगीतों से परिचित कराने में निश्चित रूप से कार्यशाला सफल होगी। प्रशिक्षिका रंजना मिश्रा ने कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। लोक गीत सुनाकर वातावरण को सरस कर दिया। बताया कि 5 जून से 20 जून तक कार्यशाला प्रेस क्लब में सायं 4 बजे से 6 बजे तक चलेगी।
पं. ज्वाला प्रसाद संगीत सेवा संस्थान के प्रबंधक विनोद उपाध्याय, वरिष्ठ कवि डा. राम कृष्ण लाल ‘जगमग’ ने कहा कि इस कार्यशाला से जनपद की नई पीढ़ी को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। उद्घाटन अवसर पर संगीत के छात्रों ने शानदार प्रस्तुति देकर मन मोह लिया।