सिद्धार्थनगर में 89, बस्ती में 29 और संतकबीरनगर में 27 जगह चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पशुओं और अन्य अवैध तस्करी पर लगाम लगाने के लिए परिक्षेत्र में 145 पुलिस नाका बनाए जाएंगे। इन नाकों से अवैध गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
अत्याधुनिक संचार सेवाओं से लैस इन नाकों पर सूचना मिलते ही बैरियर गिरा दिए जाएंगे, ताकि संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की चेकिंग की जा सके। डीआईजी दिनेश कुमार पी. ने बताया कि जल्द ही बस्ती जिले के अलावा सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जिले के अंतर्गत चिह्नित स्थान पर संसाधन मुहैया करा दिए जाएंगे।
नाकों पर दो-दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे का भी प्रबंध होगा। सिद्धार्थनगर जनपद में सबसे अधिक 89 प्वाइंट तय किए गए हैं। जबकि बस्ती जनपद में 29 और संतकबीरनगर जिले में 27 स्थानों पर स्थायी नाकाबंदी की व्यवस्था होगी। तीनों जनपदों की भौगोलिक स्थिति के आधार पर इन स्थलों का चयन किया गया है।