लेखपालों की हड़ताल पर डीएम सख्त
24 घंटे के भीतर हड़ताल समाप्त कराएं एसडीएम
एसडीएम ने लेखपाल संघ को दिया अल्टीमेटम
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। आठ सूत्री मांगों के समर्थन में लेखपालों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डीएम डॉ. राजशेखर ने तेवर सख्त कर लिए हैं। सभी एसडीएम को पत्र भेजकर 24 घंटें के भीतर हड़ताल खत्म कराने के लिए निर्देशित किया है।
डीएम का कहना है कि यह कदम हडताल से आम आवाम को हो रही परेशानियों को देखते हुए उठाया है। लेखपालों की हड़ताल से आय, जाति, निवास, हैसियत, चरित्र, खसरा, खतौनी, आपदा प्रबंधन, वरासत एंव भूमि विवाद के निस्तारण सहित तमाम कार्य प्रभावित हुए हैं। पत्र के हवाले डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया है कि आप लोग लेखपालों की नियुक्ति प्राधिकारी भी हैं। लेखपालों को पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर हड़ताल समाप्त कराएं। अगर लेखपाल नोटिस के 24 घंटे के भीतर हड़ताल समाप्त कर वापस अपना कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ विधि सम्मत विभागीय कार्रवाई कर अवगत कराएं। इसके लिए नौ जुलाई तक का समय निर्धारित किया है।
इस संबंध में एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि लेखपाल संघ के अध्यक्ष व मंत्री को इस संबंध में लिखित तौर पर अल्टीमेटम दिया गया है कि कार्य बहिष्कार खत्म कर 24 घंटें के अंदर कार्य पर लौटें। शासन ने पहले ही हड़ताल को अवैध घोषित कर दिया है। सोमवार को यदि हड़ताल पर रहे तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसडीएम भानपुर रमेश कुमार ने डीएम के आदेश के अनुपालन में तहसील के सभी राजस्व निरीक्षकों व लेखपाल संघ के अध्यक्ष व मंत्री को अल्टीमेटम नोटिस जारी कर हड़ताल समाप्त करने को कहा है। अन्यथा की स्थिति में विभागीय कार्रवाई के लिए भी चेताया है।