बस्ती। कई दिनों उमस व गर्मी के बाद बुधवार से मौसम ने करवट बदला। बुधवार को तो हल्की-फुल्की बारिश हुई, मगर बृहस्पतिवार को दोपहर बाद उमड़े बादल तो ढाई घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। कृषि विभाग की मानें तो तकरीबन सौ एमएम बारिश का अनुमान है। बारिश के चलते सड़क से लेकर घर तक पानी ही पानी हो गया। मुख्य सड़क से लेकर गलियों में पानी भर गया। इसके चलते लोगों के घरों में भी बारिश का पानी घुस गया है। नगर पालिका प्रशासन की मानें तो बारिश रुकते ही सड़क व गलियों में एकत्रित पानी नालियों के रास्ते नालों में से निकल जाएगा।
उमस व गर्मी से परेशान आम जन के लिए यूं तो बारिश राहत लेकर आई, मगर शहरियों के लिए भारी बारिश मुसीबत बन गई। शहर के गांधी नगर के रौता चौराहा, सिविल लाइंस, बभनगांवा, बेलवाडांडी ओरीजोत, चइयाबारी, मुरली जोत, दक्षिण दरवाजा मुख्य मार्ग व गलियां, सुर्ती हट्टा, पांडेय बाजार, हाइडिल कॉलोनी आदि स्थानों पर बारिश के चलते घरों में पानी घुस गया है।
कृषि विभाग की मानें तो यह वर्षा धान व अन्य फसलों के लिए बेहद लाभकारी है, मगर शहर की सड़कों व गलियों में पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो गया है।
नागरिकों की सुनें
शहर के बभनगांवा निवासी आरपी सिंह कहते हैं कि गलियों में जो नालियां बनी हैं। वह आड़ा तिरछा हैं, जिससे पानी का बहाव धीमे रहता है। तेज बारिश में जब नालियां ओवरफ्लो हो जाती हैं तो पानी घरों में घुस जाता है।
रौता के नेबुलवा मुहल्ला निवासी शैलेंद्र तिवारी कहते हैं कि उनका घर सड़क से नीचे है। तेज बारिश होने के कारण गली लबालब हो गई, जिससे घर में पानी घुस गया। यदि बारिश नहीं थमी तो दिक्कत खड़ी हो जाएगी।
बारिश रुकते ही निकल जाएगा पानी
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. आरपी श्रीवास्तव कहते हैं कि तेज बारिश में जल भराव हो जाता है। चूंकि नालियों में तेज बहाव नहीं होता। जैसे ही बारिश थमती है पानी निकल जाएगा। क्योंकि इस बार नालों की सफाई की गई थी, जिससे कहीं किसी मुहल्ले में बारिश का पानी रुकने का सवाल ही नहीं है।