आग का तांडव : 14 मकान राख, 77 लोग हुए बेघर
कलवारी (बस्ती)। सदर तहसील के सरयू नदी के तट पर बसे गांव माझाकला बैरियर पुरवा के 11 घर अज्ञात कारण से शनिवार शाम को लगे आग में राख हो गए। इन घरों में रहने वाले 51 लोग खुले आसमान के नीचे आ गए। यही नहीं, माझाकला ग्राम पंचायत के लुफ्ताबाद गांव में भी तीन घर जल गए, जिसमें 26 लोग प्रभावित हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग माझाखुर्द के तरफ से सीवान से उठी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। लेकिन, जब आग शाम लगभग पांच बजे माझा कला गांव में पहुंची तो गांव में अफरातफरी मच गई। सबसे पहले वेदप्रकाश के रिहायशी झोपड़ी को अपने आगोश में ले लिया। देखते ही देखते संदीप, प्रदीप, रीता, आकाश, सीतारा, सुमित्रा, अमरजीत, रामसजन, रामफल, गोविंद के घरों ने भी आग पकड़ ली और पल भर में राख के ढेर में तब्दील हो गए। जिससे इन घरों में रखा गृहस्थी का सामान जल गया। इस बीच पूरे गांव में चीख-पुकार मची रही। लोग अपने घरों का सामान लेकर कठौवा पुल की ओर से भागे और वहां पर सामान रखकर आग बुझने का इंतजार करने लगे। लेकिन, तब तक आग ने लुफ्ताबाद के भी तीन घरों को आगोश में ले लिया। यहां सरस्वती, मदन व धरमू का घर जल गया है, जिससे इनके परिवार के 26 प्रभावित हुए। तेज पछुआ हवा चलने के कारण नदी के किनारे गेहूं के डंठल ने भी आग पकड़ ली। प्रधान प्रतिनिधि रामभेज यादव की सूचना पर पंहुची फायर ब्रिगेड व ग्रामीण आग पर काबू पाया। राजस्व निरीक्षक रामसूरत चौधरी व अवधेश श्रीवास्तव ने जलने से हुए नुकसान का रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।
हाईवे पर चलते ट्रक में लगी आग, मची अफरातफरी
मानिकचंद। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के एनएच 28 के हड़िया पालीटेक्निक सर्विस रोड पर शनिवार शाम चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। इस दौरान करीब एक घंटे तक एक लेन में आवागमन पूरी तरह से बंद रहा। हड़िया चौकी प्रभारी राधारमण यादव, ग्राम प्रधान यशपाल सिंह यादव, इकबाल अहमद काजू, अमर जीत सिंह की सुझबुझ व अन्य राहगीरों की मदद से ट्रक को पुरी तरह से खाक होने से बचा लिया गया। लोगों ने 200 मीटर दूर गंदे नाले का पानी मंगाकर ट्रक में लगी आग को बुझाया। इसके लिए चौकी के सिपाही रामभगत यादव, संतोष सिंह, रामानंद तिवारी राहगीर भंडारी चौधरी, सोनू चौधरी, गुडडू यादव नाले में कूद गए और पानी भर-भर कर अन्य को पकड़ाते गए। चौकी प्रभारी हड़िया राधारमण यादव ने बताया कि ट्रक पांडेय बाजार निवासी अमर जायसवाल शंभू का है। जो पालीटेक्निक जा रहा था। उसी दरम्यान ट्रक में आग लग गई। इस दौरान चालक ट्रक से कूद कर अपनी जान बचाई।
अज्ञात कारणों से लगी आग में झोपड़ी जली
नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोठवाभरतपुर में शुक्रवार देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग में एक झोपड़ी राख हो गई। झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान व जानवरों का चारा भी जल गया। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोठवा भरतपुर निवासी राम लखन यादव ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे। इसी बीच देर रात उनके छप्पर के मकान मे अज्ञात कारणों सें आग लग गई। आसपास के लोगों ने यह देखकर शोर मचाया और आग बुझाने मे जुट गए। छप्पर में बंधे पशुओं को ग्रामीणों ने खोलकर किसी तरह बाहर निकाला और पास में ही खड़े ट्रैक्टर को भी वहां से हटाया, लेकिन तब तक छप्पर में रखा अनाज, पशुओं का चारा, गृहस्थी का सामान राख हो चुका था। ग्राम प्रधान पति ताज मोहम्मद ने बताया कि लेखपाल को घटना की सूचना दे दी गई है।
गेहूं के डंठल में लगी आग
बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर के निकट सीवान में गेहूं के डंठल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। वार्ड वासियों ने ट्रैक्टर से जुताई व पंपसेट से पानी चलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें रामजी, राम सकल का खेत में रखा भूसा भी जल गया। संयोग अच्छा था कि गेहूं की कटाई हो चुकी थी।
19 बीघा गेहूं व दो बीघा गन्ना जला
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के पचवस व सरसंडा गांव के सिवान में शनिवार को दिन में करीब दो बजे बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग में गांव के करीब आधा दर्जन से अधिक किसानों का 19 बीघा गेहूं व 2 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गया। किसानों व पुलिस कर्मियों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। पचवस निवासी विनोद सिंह, अजीत सिंह, सचिन सिंह, अजीत, तेज बहादुर सिंह, दद्दन सिंह, कृष्ण बहादुर सिंह, मुरैला, राम गोपाल सिंह व सरसंडा निवासी सुरेंद्र सिंह की फसल राख हो गई।