रथ पर पहुंचे निर्दल प्रत्याशी चंद्रमणि पांडेय।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। लोकसभा चुनाव-2019 में मुख्य मुकाबले में रहने वाली तीनों प्रमुख पार्टियों के अधिकृत उम्मीदवारों ने ताल ठोक दी है। बसपा, कांग्रेस के बाद बृहस्पतिवार को भाजपा के उम्मीदवार हरीश द्विवेदी ने भी नामांकन पत्र ले लिया। इसके बाद जिले में चुनावी सरगर्मी काफी तेज हो गई।
नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भाजपा समेत सात उम्मीदवारों ने पर्चा खरीदा। इनमें तीन अन्य विभिन्न छोटे दलों के झंडे पर किस्मत आजमाने आगे आए हैं। तीन निर्दलीय भी इनमें शामिल हैं। उक्त सातों प्रत्याशियों ने कुल मिलाकर 14 सेटों में नामांकन पत्र क्रय किया। इस प्रकार अब तक कुल 18 आवेदक 38 सेटों में पर्चा ले चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डॉक्टर राजशेखर ने बताया कि एक निर्दल प्रत्याशी चंद्रमणि पांडेय ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। रथ पर सवार होकर पहुंचे इस उम्मीदवार के साथ 10 प्रस्तावक भी नामांकन में पहुंचे। भाजपा उम्मीदवार के रूप में हरीश द्विवेदी का नामांकन पत्र खरीदने जगदीश प्रसाद शुक्ल पहुंचे और चार सेटों में नामांकन पत्र का प्रारूप यानी पर्चा खरीदा। इससे पहले जनहित किसान पार्टी से राम प्रसाद चौरसिया, हिंदुस्तान निर्माण दल के रोहित कुमार पाठक के लिए श्रवण कुमार ने और भारत महापरिवार पार्टी के अंबरीश गुप्ता ने दो-दो सेटों में पर्चा लिया। तीन निर्दलीयों में चंद्रमणि के अलावा भगवान दास और रंगीलाल यादव ने एक-एक सेट नामांकन पत्र लिया। छठे चरण के लिए अधिसूचना जारी होने वाले दिन मंगलवार को कांग्रेस, बसपा समेत कुल 11 उम्मीदवारों ने कुल 24 पर्चे खरीदे थे। इनमें पांच निर्दल हैं। अब कुल मिलाकर आठ निर्दल और 10 दलों के झंडे लेकर सियासी समर में भाग्य आजमाने के लिए कमर कस चुके हैं।
तीनों प्रमुख दल में पर्चों की होड़
राजनीति में प्रतिस्पर्धी को मात देने के लिए क्या-क्या करते हैं, इसका एक मामला नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान देखा गया। जब पहले दिन मुख्य मुकाबले में माने जा रहे कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवारों को नामांकन पत्रों का चार-चार सेट खरीदते देखा तो भाजपा उम्मीदवार ने भी बृहस्पतिवार को चार सेट नामांकन पत्र मंगाया।