मृतक अधिवक्ता के परिवार के प्रति जताई संवेदना
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के मुख्य न्यायमूर्ति गोविंद माथुर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को शहर पहुंचे। डाक बंगले पर अधिवक्ता संघों के पदाधिकारियों से मुलाकात की। अधिवक्ताओं के ज्ञापन पर भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा का पूरा प्रयास किया जा रहा है। अब आप लोग न्यायिक कार्य में सहयोग करें।
डाक बंगले में मुख्य न्यायमूर्ति ने सबसे पहले 28 फरवरी को बदमाशों की गोली से मारे गए अधिवक्ता जगनरायण यादव के परिवार के प्रति संवेदना जताई। न्यायमूर्ति से मिलने दोपहर करीब दो बजे सिविल बार के अध्यक्ष बद्री प्रसाद दुबे, महामंत्री शशि प्रकाश शुक्ला, जनपद बार के अध्यक्ष जवाहर लाल मिश्र, महामंत्री रविशरण सिंह, यंगबार के अध्यक्ष भानुप्रताप शुक्ल, महामंत्री शेषनाथ पाठक, कमिश्नर बार अध्यक्ष श्याम प्रकाश शर्मा, महामंत्री विनय कुमार बक्शी पहुंचे। अधिवक्ता संघों के पदाधिकारियों ने 12 मांगों का ज्ञापन दिया। जिसमें सीसीटीवी कैमरा, बाउंड्रीवाल, मृतक अधिवक्ता के दिव्यांग बेटी को सरकारी नौकरी व 50 लाख मुआवजा, सिविल कोर्ट परिसर में महिलाओं के लिए अलग से प्रसाधन आदि मुख्य हैं। मुख्य न्यायमूर्ति गोविंद माथुर ने कहा अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए जो भी उनकी मांगें हैं उसे पूरा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला जज राजीव गोयल से मुखातिब हुए मुख्य न्यायमूर्ति ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का यथा शीघ्र निदान कराएं। जिला जज ने बताया कि प्रसाधन बन रहा है जबकि सीसीटीवी लगाने का कार्य चल रहा है। बाउंड्रीवाल, सिविल बार के पुराने भवन की मरम्मत की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इस दौरान एडीजे हर्ष अग्रवाल, सीजेएम मनोज कुमार, न्यायिक अधिकारी अनूप कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।