अधिकारियों पर भारी पड़ा रसूख, बीईओ हटे
सरकारी किताबों के उठान पर सख्ती में नाप दिए गए बीईओ
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज/हर्रैया। बीआरसी हरैया में विभागीय अधिकारियों का फरमान अनुचरों व शिक्षकों के रसूख के सामने बौना है। मामला हर्रैया बीआरसी का है। हर्रैया के प्रभारी बीईओ ध्रुव प्रसाद जायसवाल ने मंगलवार को परिषदीय स्कूलों के जिम्मेदारों को मंगलवार को एनपीआरसी पर बुलाकर सरकारी किताबों को उठाने का निर्देश दिया। इसी बीच एक शिक्षक नेता और कुछ अनुचर वहां कमरे पर ताला जड़ कर्मियों को खदेड़ दिए।
मामला जब उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो वहां शिक्षकों ने तीस मिनट बाद ताला खोल दिया। विभागीय सूत्रों की मानें तो बीआरसी पर कुछ दबंग शिक्षक व अनुचर अपना दबाव बनाए हुए हैं। इसी कारण वहां बीईओ से विवाद हो गया था। उनकी हनक कायम रहे, इसे लेकर बृहस्पतिवार को बीएसए ने बीईओ को पद से हटाते हुए यहां का चार्ज गौर ब्लॉक के बीईओ कपिलदेव दूबे को सौंप दिया। बीएसए अरुण कुमार ने बताया कि वहां विवाद की स्थिति कई दिनों से थी। विवाद के पटाक्षेप के लिए बीईओ ध्रुव प्रसाद जायसवाल को हटाया गया है। वहां तैनात अनुचरों को पहले ही स्थानांतरित किया जा चुका है। यदि वे तैनाती वाले स्कूलों पर नहीं जा रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।