भानपुर/सोनहा(बस्तीी)। संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की फंदे पर लटकने से मौत हो गई। घटना सोनहा थाना क्षेत्र के पकडी गांव की है। ससुराल वाले आत्महत्या की बात कह रहे हैं, जबकि पिता ने दहेज के लिए बेटी को मार डालने और शव को फंदे से लटकाने की तहरीर दी है। पुलिस ने पति, ससुर समेत चार पर केस दर्ज कर लिया है।पकड़ी निवासी राधिका (21) पत्नी धर्मराज का शव बुधवार को उसके कमरे में छत की कुंडी से फंदे पर लटका मिला था। धर्मराज उस समय ससुराल में था। घटना की सूचना पर वह घर लौटा और पुलिस को सूचना दी। सोनहा पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर कमरे को सील कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा।राधिका के पिता महीपत निवासी खोरिया थाना सोनहा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी बेटी राधिका की शादी 25 अप्रैल 2017 को धर्मराज पुत्र हरीराम निवासी पकड़ी थाना सोनहा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर मारते पीटते थे। बुधवार को बेटी के ससुराल वालों ने पीट-पीट कर मार डाला और उसके शव को फंदे से लटका दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष हरिकेश भारती ने बताया कि राधिका के पिता महीपत की तहरीर के आधार पर ससुर हरीराम, पति धर्मराज, ननद कैलाशी और जेठानी सरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सूचना पर सीओ रुधौली चन्द्रकेश सिंह ने भी मौका मुआयना किया।