शहीद पुलिस जवानों को किया नमन
बस्ती। कर्तव्यों का पालन करने में शहीद हुए पुलिस जवानों के सम्मान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ‘पुलिस स्मृति दिवस’ का पुलिस लाइंस में आयोजन किया गया। शहीद पुलिस कर्मियों को डीआईजी रेंज राकेश चंद्र साहू, एसपी संकल्प शर्मा, एएसपी नरेंद्र कुमार सिंह व अन्य पुलिस अफसरों ने श्रद्धांजलि दी। शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाया। डीआईजी ने एक सितंबर 2016 से 21 अक्टूबर 2017 के बीच शहीद हुए 76 यूपी के पुलिस जवानों नाम पढ़कर सुनाया तथा पुष्पांजलि अर्पित की।
पुलिस लाइन में सुबह 8.10 पर परेड आयोजित हुई। सभी अफसरों व पुलिस कर्मियों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अपने साथियों को श्रद्धांजलि दी। डीआईजी व एसपी ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों की स्मृति में हर वर्ष हम लोग पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन करते हैं। पुलिस उपाधीक्षक पवन गौतम, गौरव कुमार त्रिपाठी, अरविंद कुमार वर्मा व पुलिस कार्यालय के समस्त शाखाओं के प्रभारी, पुलिस लाईन के जवान शोक परेड में शामिल हुए।