बस्ती। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन का एक हैरतअंगेज कारनामा उजागर हुआ है। औषधि विभाग द्वारा सोनहा थाना क्षेत्र के लेदवा चौराहे पर संचालित दवा की एक दुकान जिस फार्मासिस्ट के लाइसेंस पर चल रही थी वह मऊ का रहने वाला है। इसकी पुष्टि करते हुए फार्मासिस्ट ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि उसकी जानकारी के बगैर विभाग ने फर्जी तौर पर उसके रजिस्ट्रेशन का प्रयोग कर लाइसेंस जारी किया है।
मऊ जनपद के ग्राम हेमई निवासी राजेश यादव के नाम पर सोनहा के लोदवा चौराहे पर दवा की दुकान चल रही थी। इसकी जानकारी राजेश को तब हुई जब उन्होंने खुद की दुकान मऊ में खोलने के लिए आवेदन किया। आन लाइन आवेदन करते ही उन्हें यह पता चला कि उनके रजिस्ट्रेशन पर बस्ती जिले के सोनहा थानान्तर्गत लोदवा चौराहे पर अनिल मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान को लाइसेंस जारी किया गया है। इसकी भनक लगते ही राजेश यहां आ धमके। विभाग में इसकी शिकायत दर्ज कराई तो जिम्मेदारों के कान खड़े हो गए।
राजेश के अनुसार उनके रजिस्ट्रेशन पर दुकान को फर्जी तरीके से लाइसेंस जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जेएलएम कुशवाहा ने कहा कि इस मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। यदि फर्जी ढंग से लाइसेंस जारी किया गया है तो जिसकी भी जिम्मेदारी होगी वह बचने नहीं पाएगा।