विकास भवन और ब्लॉकों पर अब बायोमेट्रिक सिस्टम से हाजिरी लगेगी। एक से अधिक ब्लॉक का प्रभार रखने वाले बीडीओ को बैठने का रोस्टर बनाना होगा। इतना ही नहीं हर माह बीडीओ पांच ग्रामों में जाएंगे। ब्लॉक और विकास भवन का सुंदरीकरण होगा।
वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए ग्राम्य विकास मंत्री महेंद्र सिंह, प्रमुख सचिव नेपाल सिंह रवि और आयुक्त ग्राम्य विकास पार्थ सारथी शर्मा ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। 20 जून से पहले हर हाल में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में शत प्रतिशत आवास को स्वीकृति कर देने का निर्देश दिया। 25 जून तक अपूर्ण इंदिरा आवास को पूरा करने को कहा गया। जन सुनवाई का निस्तारण समय से करने, बीडीओ का बैठने का रोस्टर बनाने, डीडीओ, पीडी और मनरेगा व एनआरएलएम के उपायुक्त के पास अगर किसी ब्लॉक का प्रभार है तो उन्हें भी बैठने का रोस्टर बनाने को कहा गया। ब्लॉकों की साफ-सफाई , कुओं की मरम्मत, तालाबों का सुंदरीकरण और उनके बंधों पर पौधरोपण, मनरेगा के मजदूरों का एटीएम बनाने का निर्देश दिया। मंत्री ने जिले के विकास कार्यों के बेहतर प्रगति को लेकर विकास से जुड़े सभी अफसरों को बधाई दी।