न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी व आपराधिक कृत्य का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सोनहा पुलिस ने खाड़ी देश भेजने के नाम पर एक युवक से 1.30 लाख रुपये हड़प करने और फर्जी वीजा व एयर टिकट देने के मामले में तीन लोगों पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश कर रुपये हड़पने सहित विभिन्न धाराओं में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, मिराज हुसेन पुत्र इकबाल हुसेन निवासी ग्राम पटवरिया थाना रुधौली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोनहा थाना क्षेत्र के पिरैला नरहरिया निवासी नियाज अहमद, इसी थाना क्षेत्र के भोलापुर निवासी सिराज वारिस व महाराष्ट्र के कस्बा मुम्ब्रा मुंबई निवासी सैय्यद मोहम्मद शरीफ ने खाड़ी देश में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इन लोगाें ने कतर मे अच्छी नौकरी दिलाने व पासपोर्ट बनाने के नाम पर उससे 1,30 लाख रुपये ले लिए।
इसके बाद उसे वीजा व एयर पोर्ट का टिकट देने के लिए लखनऊ के एक होटल में बुलाकर जाली व कूटरचित वीजा व टिकट दे दिया। जब वीजा और टिकट के बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला सब फर्जी है। इसे जानने के बाद रुपये मांगा तो गाली व जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने वादी की तहरीर पर तीनाें पर केस दर्ज किया है।