फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आचार संहिता लगते ही होर्डिंग बैनरों पर चला प्रशासन का डंडा

विज्ञापन
विज्ञापन
होर्डिंग और बैनरों पर चला प्रशासन का डंडा
विज्ञापन

शहर और कस्बों में अभियान चलाकर हटाई जा रही प्रचार सामग्री
लोगों को दी जा रही अचार संहिता की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा चुनाव 2019 की अधिसूचना जारी होते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। आचार संहिता के अनुपालन के लिए हर पहलू पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। इसी के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में राजनीतिक दलों की ओर से लगाए गए होर्डिंग व बैनर को प्रशासन ने उतरवा दिया। साथ ही लोगों को आचार संहिता के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
नगर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में थाना प्रभारी अनिल कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने कैप्टननगर, बेलाड़ी, गोटवा, करहली, अक्सड़ा, फुटहिया, तिलकपुर समेत अन्य स्थानों से राजनीतिक दलों के होर्डिंग-बैनरों को उतरवाया। साथ ही सख्त हिदायत दी। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार नगरपंचायत क्षेत्र में अधिशासी अभियंता अमरजीत सिंह व थानाध्यक्ष विकास यादव ने देईसांड़, भरवलिया, बरोहिया, बनकटी, महादेवा, पाकरडाड़, हलुआपार, लालगंज आदि कस्बों से चुनावी पोस्टरों को हटवाया। चेताया भी कि किसी भी दशा में चुनावी प्रचार सामग्री बैनर, पोस्टर आदि न लगाएं। चुनाव आचार संहिता के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उप निर्वाचन अधिकारी, एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि बिना अनुमति के प्रत्याशी कोई कार्य न करें।
विज्ञापन

विक्रमजोत प्रतिनिधि के अनुसार छावनी पुलिस ने अभियान चलाकर विक्रमजोत, खत्मसराय, मलौली, गोसाईं, छावनी कस्बा, पटखापुर, अमोढ़ा, विशेश्वरगंज सहित अन्य स्थानों से होर्डिंग-बैनरों को उतरवाया। इस दौरान थानाध्यक्ष यशवंत सिंह, विजय यादव, अंशुमान सिंह, रिजवान अहमद आदि मौजूद रहे। पैकोलिया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के तेनुआ, पचपेड़वा, हड़ही बाजार, महेशगंज, हसीनाबाद, जिलेबीगंज, लालपुर चौराहा, नरसिंहपुर सहित अन्य स्थानों से होर्डिंग-बैनर को उतारा गया। इस दौरान थानाध्यक्ष संजय कुमार, राकेश मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार टिनिच पुलिस व तहसील कर्मियों ने आमा चौराहा, आमा बाजार, बेतौहा चौराहा, शिवपुर चौराहा, बगलवा चौराहा, कूपनगर खडसरपुर, बुधबाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगे होर्डिंग-बैनर को उतरवाया। साथ ही लोगों को आचार संहिता के बारे में जानकारी भी दी। इस दौरान चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह, चंद्रशेखर पांडेय, वरुण राय, सनोज यादव, लेखपाल सचिन श्रीवास्तव, ओमप्रकाश सिंह राजस्व निरीक्षक उदयशंकर दुबे आदि मौजूद रहे।


फोटो...
18.32 लाख वोटर 12 मई को चुनेंगे अपनी सरकार
शत-प्रतिशत मतदान पर शासन का रहेगा जोर, निर्वाचन के दौरान जिले में लागू होगी 14 सूत्रीय संहिता
137 थर्ड जेंडर, 11 हजार 285 दिव्यांग मतदाता
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में 12 मई को मतदान होगा। इसमें 18,31,666 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 9,90,184 तथा 8,90,164 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिले में 137 थर्ड जेंडर मतदाता, 11 हजार 285 दिव्यांग मतदाता हैं। निर्वाचक नियमावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण में 46,665 मतदाताओं के नाम जोड़े गए और 28,539 नाम हटाए गए। जिले में 1646 सर्विस मतदाता हैं। कुल 1462 मतदान केंद्र और 2316 मतदेय स्थल हैं। सोमवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दे रहे डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजशेखर ने कहा कि कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और न ही मतदान करने से रह जाए। इसे लेकर कोशिश तेज की जा रही है।
जिले में 16 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होने जा रही चुनावी प्रक्रिया के क्रम में 23 अप्रैल तक नामांकन किया जा सकेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजशेखर ने बताया कि पहली जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा वोटरों को भी मतदाता सूची में शामिल करने का अवसर दिया गया है। बीएलओ के माध्यम से वृहद रूप से इसमें कार्रवाई की जा रही है। जिले स्तर पर आयोग के निर्देर्शों को 14 बिंदुओं में समाहित करते हुए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। विगत चुनाव की तरह इसमें भी नोटा का बटन होगा। बैलेट वोटर को भी नोटा इस्तेमाल करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। बकौल डीएम पिछले लोकसभा चुनाव 2014 में मतदान प्रतिशत कम रह जाने को लेकर पहले से तमाम कोशिशें की गईं, जिसके विधान सभावार समीक्षा के बाद 100 बूथ चिह्नित किए गए हैं। जहां चुनाव पाठशाला लगाई जाएगी।

आंकड़ों की नजर में बस्ती लोकसभा
लोकसभा सामान्य निर्वाचन क्षेत्र-61 बस्ती क्षेत्र की चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 16 जोन और 127 सेक्टर में विभाजित किया गया है। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा चुकी है। सभी बूथों पर आवश्यकता के हिसाब से केंद्रीय अर्ध सैनिक बल तैनात की जाएगी। साथ ही वेबकास्टिंग कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि 24 घंटे के भीतर दो हजार से अधिक पोस्टर बैनर-होर्डिंग हटवाए गए हैं। आगामी 24 घंटे के भीतर बाकी बचे बैनर-पोस्टर भी हटा दिए जाएंगे। आदर्श चुनाव अचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने के लिए 60 टीमें निगरानी में लगा दी गई हैं। 15 मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट यानी एमसीसी टीम, 15 सचल दल और इतने ही सर्विलांस टीम को लगाया गया है। एसपी पंकज कुमार ने पत्रकारों को सुरक्षा के मुद्दे पर विस्तार से जानकारी दी। कहा कि पुलिस पहले से ही आपराधिक तत्वों, अवैध शराब आदि को लेकर कार्रवाई कर रही हैं।

प्वाइंटर
16 जोन और 127 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
चिह्नित किए गए 100 बूथों पर चुनाव पाठशाला लगाई जाएगी।
आचार संहिता निगरानी के लिए 60 टीमें लगाई गई हैं। 15 मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट यानी एमसीसी टीम, 15 सचल दल और इतनी ही सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
दिव्यांग मतदाताओं को ब्रेल बैलेट की सुविधा होगी। साथ ही उन्हें ह्वील चेयर, रैंप की सुविधा होगी।
137 थर्ड जेंडर मतदाता, 11 हजार 285 दिव्यांग मतदाता हैं।



फोटो...
डेमो में बताई गई एम-3 मशीन की खूबियां
बंगलूरू के इंजीनियरों का दल ईवीएम की जांच में जुटा
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा चुनाव-2019 के मतदान में ऐसी ईवीएम इस्तेमाल की जाएगी, जिसकी पारदर्शिता और विश्वसनीयता पहले से प्रमाणित होगी। टेंपर प्रूफ तकनीक से युक्त एम-3 टाइप की वोटिंग मशीन किसी भी तरह की छेड़छाड़ करते ही काम करना बंद कर देगी। उसी क्षण वोटिंग प्रक्रिया रुक जाएगी।
सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डॉ. राजशेखर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके ईवीएम और वीवीपीएटी के काम करने के तरीके बताने के साथ ही लाइव डेमो भी कराके दिखाया। जिले में इसके लिए पहले ही 2885 नई कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 3900 बैलट यूनिट (बीयू) आ चुकी थी। एम-3 मॉडल की ये मशीनें बंगलूरू के इलेक्ट्रॉनिक कॉरर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड संयंत्र में तैयार हुई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इसमें सेल्फ डायग्नोसिस युक्त सॉफ्टवेयर हैं जो सिस्टम में आई किसी भी गड़बड़ी की पहचान कर तुरंत डिस्प्ले पर मैसेज देने लगेंगे। कंट्रोल और बैलेट यूनिट एक-दूसरे से जुड़े होंगे। अगर बाहर से मशीन में कंट्रोल या बैलेट यूनिट लगाने की कोशिश की गई तो डिजिटल सिग्नेचर का मिलान करेगी। यदि मिस मैच हुआ तो सिस्टम काम करना बंद कर देगा।



चुनावी रणभेरी बजते ही चर्चाओं का दौर शुरू
सिर्फ सपा-बसपा गठबंधन ने घोषित किया है प्रत्याशी
18 लाख 31 हजार 666 मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोक सभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अभी सपा-बसपा गठबंधन से ही प्रत्याशी घोषित होने से लोग अन्य दलों के दावेदारों पर चर्चा कर रहे हैं। फिर भी लोग यह तय करने लगे हैं कि चुनाव में विजय किसी होगी। चाय की दुकानों से लेकर लोगों के घरों में भी चुनाव पर चर्चाएं हो रही हैं। जिले में इस बार 18 लाख 31 हजार 666 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, इसमें ज्यादातार युवा मतदाता शामिल हैं। जो विकास के आधार पर अपना नेता चुनने की बात कर रहे हैं।
युवा मतदाता राघवेंद्र पांडेय का कहना है कि वे अपना मत उसे ही देंगे तो बेहतर और साफ सुथरी छवि वाला हो। कहते हैं कि चुनाव आने पर नेता लोक लुभावने वादे करते हैं, जिसके बाद उनका व्यवहार ही बदल जाता है। लेकिन इस बार वे अपना वोट सोच समझकर देंगे। अंबिका प्रताप शुक्ल कहते हैं समीक्षा के आधार पर वे नेता का चुनाव करेंगे, और सबको यही राय देंगे। कहते हैं कि जातिगत, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ईमानदार छवि वाले नेता का ही वे चुनाव करेंगे। रिंकू पाल ने कहा कि राजनीतिक दलों को नए चेहरों को अवसर देना चाहिए, युवा मतदाताओं को युवा चेहरों में ही अपना नेता दिखता है। संतोष शुक्ला ने कहा कि जनता ने सभी पार्टियों को अवसर दिया है, लेकिन जिसने बेहतर कार्य किया है, अपना वोट उसे ही देंगे। कहते हैं कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी को घरों से निकलकर मतदान करना होगा, कहा कि इससे लोकतंत्र मजबूत होगा। और हम एक बेहतर नेता चुन पाएंगे।

सम्मेलन में साधा भाजपा पर निशाना
सपा-बसपा का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शहर के टाउन क्लब में समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी की ओर से संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि यह सरकार पूरी तरह हर मुद्दे पर फेल हुई है।
विज्ञापन

बसपा के पूर्वांचल सेक्टर प्रभारी अखिलेश आंबेडकर ने कहा कि सपा-बसपा, रालोद का ऐतिहासिक गठबंधन भाजपा के राजनीतिक अहंकार को ध्वस्त कर देगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि सांप्रदायिक, झूठे सपने दिखाने वाली भाजपा को सबक सिखाने का समय आ गया है। सम्मेलन को कल्पनाथ बाबू, राज कपूर यादव, केके गौतम, राम ललित चौधरी, जितेंद्र कुमार चौधरी, राजेंद्र प्रसाद, राजमणि पांडेय, कृष्णचंद्र सिंह, चंद्रभूषण मिश्र, राजाराम यादव, रविंद्र यादव, महेंद्रनाथ यादव, विपिन कुमार शुक्ला, जमील अहमद, आदित्य यादव, महंथ यादव, महादेव, आरडी गोस्वामी, अरविंद सोनकर, राधेश्याम चौधरी, जय हिंद, प्रेम सागर, संजय धुसिया, आरडी निषाद आदि ने संबोधित किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें