बाराह क्षेत्र में पक्के पुल निर्माण को लेकर किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
टिनिच। भारतीय हिंदू सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने बाराह क्षेत्र में पक्का पुल निर्माण की मांग करते हुए रविवार को जल सत्याग्रह किया। पुल निर्माण की मांग करते हुए कार्यकर्ता पानी में उतर गए और नारेबाजी करने लगे। बाद में मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ। बाद में मंडल अध्यक्ष जितेंद्र अग्रहरि ने विधायक प्रतिनिधि को तीन सूत्री ज्ञापन दिया।
सुबह संगठन के मंडल अध्यक्ष जितेंद्र अग्रहरि की अगुवाई में नदी के किनारे बसे भदना, बसहवा, तिनहरी, बभनगाव, बजहिया, खलवाबजहिया, बसहवा, निद्धीपुर, संसारपुर, हरदिया, बहेरिया अटरा, बेनियापुर के ग्रामीण बाराह क्षेत्र के कुआनों नदी में खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। कहा की सांसद ने इस पुल के निर्माण की घोषणा दो वर्ष पहले किया था, लेकिन कार्यकाल बीतने को है अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे गक्षेत्र की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कार्तिक पूर्णिमा के दिन पुल के टूटने से बड़ी दुर्घटना हो सकती थी पर इसके बाद भी कोई पहल नहीं हुई। यदि पुल निर्माण शुरू नहीं हुआ तो जल समाधि लेंगे। शाम पांच बजे कप्तानगज के विधायक चन्द्रप्रकाश शुक्ल के प्रतिनिधि सुशील शुक्ल पहुंचे। उन्होंने विधायक के मुख्यमंत्री को दिए पत्र का हवाला देते हुए अनशन खत्म करवाया।