बस्ती। कई दिनों से भीषण गर्मी के बाद शनिवार दोपहर मौसम खुशगवार हुआ। अचानक बादल घिरे और झमाझम बारिश होने लगी। लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी, मगर शहर की गलियां कीचड़ और गंदगी से सराबोर हो गईं। साफ-सफाई में लापरवाही के चलते हल्की सी बारिश ने शहर की सूरत बिगड़ गई।
शनिवार को तापमान 37 डिग्री के आसपास रहा। दोपहर होते-होते मौसम का तेवर नरम पड़ने लगा और पहले हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। देखते ही देखते बादल उमड़ने घुमड़ने लगे और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब घंटे भर हुई बारिश के चलते शहर के आवास विकास कालोनी, रौता चौराहा के कई मुहल्ले, सुर्ती हट्टा, गड़गोडिया आदि मुहल्लों में नालियों से निकाला गया कचरा फैल गया, जिससे यहां कीचड़ फैल गया। हालांकि इसी कीचड़ से लोग आते जाते रहे। यही नहीं नालों की सफाई के बावजूद तेज बारिश के चलते यह भर गए। बाद में धीरे-धीरे पानी बह गया। यही हाल गलियों व मुहल्लों की नालियों का भी हुआ। बारिश के चलते यह उफनाने की कगार पर पहुंच गई हैं।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका डॉ. आरपी श्रीवास्तव ने कहा कि तेज बारिश के चलते जगह-जगह पानी लगना स्वाभाविक है, मगर बरसात थमते ही यह पानी नालों के रास्ते निकल जाता है। रही नालों के सिल्ट की बात तो नालियों की सफाई के बाद इसे सूखने के लिए छोड़ा जाता है, जिससे इसका निस्तारण आसानी से हो सके। यदि कहीं कीचड़ है तो उसके सफाई की व्यवस्था करा दी जाएगी।
महसो प्रतिनिधि के अनुसार बरसात होने से जहां लोगो को गर्मी से निजात मिल गई वहीं खेत के लिए यह बरसात सुखद रही, परंतु इसके चलते सड़कों पर जल जमाव हो गया। राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी हलुवपार से सुकरवाली को जाने वाला मार्ग के राहगीरों की है। गॉव के रितेश पाल , मोनू पाल , अमित पाल , राज लोगो ने बताया बरसात के बाद इस मार्ग पर पानी भर गया, जिससे रास्ता अवरुद्ध है।