बस्ती। ब्लॉक कुदरहा के ग्राम पंचायत चकिया के गरीबों ने पिछले तीन माह से राशन न मिलने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को डीएम कार्यालय के बाहर कोटेदार के विरोध में नारेबाजी की। डीएम से राशन सहित अन्य सामान दिलाने की मांग की।
कोटेदार का विरोध जताने आई ग्राम पंचायत चकिया की सुमित्रा, रामरती, लालमति सहित अन्य ने बताया कि कोटेदार पिछले तीन माह से गरीबों को कोई भी सामान नहीं दे रहे हैं। सामान मांगने पर डांट कर यह कहते हुए भगा दिया जाता है कि जब मिलेगा तो दिया जाएगा। तहसील के अधिकारी कहते हैं कि हर माह कोटेदार को राशन सहित अन्य सामान दिया जाता है। महिलाओं ने कोटेदार पर राशन की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें आपूर्ति विभाग की भी मिली भगत है। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने डीएम से कोटा निलंबित करने और कोटेदार के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने के साथ गरीबों को राशन दिलाने की मांग की है।