केशवपुर के ग्राहक सेवा केंद्र पर हुई ठगी के कागजात दिखाते लोग-संवाद
बस्ती। तीन दिन से लापता जिला पंचायत सदस्य जवाहरलाल और उसके बेटे दिवाकर विक्रम के सीएसपी उपभोक्ताओं से ठगी परत दर परत खुलता जा रहा है। सीएसपी से संबंधित ब्रांच एसबीआई केशवपुर की जांच-पड़ताल में अभी तक आम उपभोक्ताओं के 12 लाख रुपये गबन होने की पुष्टि हो चुकी है। छानबीन अभी चल रही है। गबन की धनराशि बढ़ने की अभी और उम्मीद है।
बैंक के अनुसार लापता जिला पंचायत सदस्य और उसके बेटे की ओर से उपभोक्ताओं के खाते से फिंगर प्रिंट का दुरुपयोग कर 12 लाख रुपये निकालने का मामला पकड़ में आ चुका है। सीएसपी के ग्राहक धोखाधड़ी की जानकारी होने पर अब एसबीआई शाखा केशवपुर दो दिन से पहुंच रहे हैं। बैंक ने भी उपभोक्ताओं की शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
बता दें कि अब तक बैंक शाखा में नौ उपभोक्ताओं ने फिंगर प्रिंट का दुरुपयोग कर रुपये निकालने और जिला पंचायत सदस्य और उसके बेटे की ओर से फर्जी देकर एफडी किए जाने की लिखित शिकायत हुई है।
बैंक अधिकारियों की जांच में पता चला है कि सीएसपी संचालक ने ग्राहकों के फिंगरप्रिंट का दुरुपयोग कर बिना उनकी जानकारी के खातों से पैसे निकाल लिए। ग्राहकों को संतुष्ट करने के लिए एक रजिस्टर पर उनके द्वारा लिए गए रुपये की इंट्री करके हस्ताक्षर करवा लिया जाता था। जबकि निकासी अधिक रुपये की होती रही।
उपभोक्ताओं ने बताया कि सीएसपी पर फिंगरप्रिंट लेकर मैनुअल तरीके से लेनदेन करके उपभोक्ताओं को भेज दिया जाता था। इसी दौरान संचालक अपने फिंगरप्रिंट को भी ग्राहकों के खाते से लिंक कर लेता था।
जिससे ग्राहक की अनुपस्थिति में भी उनके खातों से निकासी संभव हो जाती थी। इस इसके अलावा, संचालक ने कई लोगों से फिक्स डिपॉजिट (एफडी) के नाम पर पैसा जमा कराया। बदले में अधिक राशि का निजी चेक देकर भरोसा दिलाया। अब जब ग्राहक चेक लेकर बैंक पहुंच रहे हैं तो उन्हें बैंक की तरफ से एफडी न होने की जानकारी मिल रही है।